विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव (फाइल फोटो)
- फोटो : एएनआई
भारत ने गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाने पर पाकिस्तान की शुक्रवार को तीखी आलोचना की। उसने कहा कि गलत जानकारी फैलाने का सबसे बेहतरीन उदाहरण पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान है जोकि लगातार काल्पनिक और मनगढ़ंत डोजियर पेश करता फिर रहा है और फर्जी खबरों का नियमित आपूर्तिकर्ता बन गया है।
हाल ही में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक ईयू गलत सूचना लैब रिपोर्ट के हवाले से फर्जी मीडिया संगठनों के जरिये विध्वंसक गतिविधियों का भारत पर आरोप लगाया था। इसी तरह के आरोप पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने भी लगाए थे।
इससे संबंधित एक सवाल के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि एक जिम्मेदार लोकतंत्र होने के नाते भारत गलत सूचनाओं के अभियान में शामिल नहीं होता है। हकीकत में यदि आप भ्रामक और फर्जी खबरों पर गौर करें तो इसका सबसे अच्छा उदाहरण पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान है जो काल्पनिक और मनगढ़ंत डोजियर फैला रहा है और फर्जी खबरों का नियमित स्रोत बन गया है।
पड़ोसी देश पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि गलत जानकारी देने का अभियान वे लोग चलाते हैं जिनका रिकॉर्ड ओसामा बिन लादेने जैसे अंतरराष्ट्रीय मोस्ट वांटेड आतंकियों को अपने यहां शरण देने और 26/11 मुंबई हमलों में अपना हाथ होने की बात छिपाने का है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर के शहतूत बांध के निर्माण संबंधी घोषणा पर प्रवक्ता ने कहा कि मंत्री ने यह एलान किया था कि भारत और अफगानिस्तान बांध निर्माण पर एक समझौते पर पहुंच गए हैं। इस पर जल्द ही हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। नेपाली विदेश मंत्री के भारत दौरे पर उन्होंने कहा कि उनके जल्द ही संयुक्त आयोग की बैठक में भारत आने की उम्मीद है लेकिन इसकी तारीख अभी तय नहीं हुई हैं और इस पर काम हो रहा है।