भारत ने कैमरा लगाकर बाघों की गिनती करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। अखिल भारतीय बाघ आकलन 2018 को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने दुनिया के सबसे बड़ा कैमरा ट्रैपिंग वाइल्ड लाइफ सर्वे की श्रेणी में शामिल किया है।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने अपनी वेबसाइट पर नए कीर्तिमान की घोषणा करते हुए लिखा, भारत में 2018-19 में हुए कैमरा ट्रैप सर्वे का चौथा चरण संसाधन और डाटा के संदर्भ में दुनिया का आज तक का सबसे व्यापक सर्वे रहा। इसमें करीब 1.21 लाख वर्ग किलोमीटर के क्षेत्रफल में अलग अलग 141 जगहों पर 26,838 कैमरे लगाकर वन्य जीवों की तस्वीरें ली गईं और उनके आधार पर बाघों की गणना हुई।
तस्वीरों में सॉफ्टवेयर के जरिये धारी के पैटर्न के आधार पर बाघों की गिनती की गई। सर्वे का चौथा चरण पूरा होने के बाद देश में बाघों की कुल संख्या 2,967 रही जो दुनिया में बाघों की कुल आबादी का 75 फीसदी है। पर्यावरण मंत्रालय के मुताबिक देश में बाघों की संख्या में तीन गुना बढ़ोतरी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल वैश्विक बाघ दिवस के मौके पर सर्वे के नतीजों की घोषणा की थी।
रिकॉर्ड ‘आत्मनिर्भर भारत’ का उदाहरण : जावड़ेकर
बाघों की गणना को लेकर बना कीर्तिमान बड़ी उपलब्धि है। मुख्य रूप से ‘आत्मनिर्भर भारत’ का उदाहरण है। पीएम मोदी के नेतृत्व में ‘संकल्प से सिद्धी’ नीति के तहत देश ने बाघों की संख्या दोगुनी करने का लक्ष्य तय समय से चार साल पहले हासिल कर लिया।
- प्रकाश जावड़ेकर, केंद्रीय मंत्री