पूर्व नौसेना कमांडर कुलभूषण जाधव की फाइल फोटो
- फोटो : File Photo
भारत ने कहा है कि रिटायर्ड नेवी अफसर कुलभूषण जाधव को मिलिट्री कोर्ट की ओर से दी गई सजा-ए-मौत के फैसले और चार्जशीट की प्रति उसे अब तक नहीं मिली है। भारत ने पाक से चार्जशीट और फैसले की सर्टिफाइड कॉपी की मांग की थी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गोपाल वागले ने कहा कि भारत की ओर से पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय से जाधव के खिलाफ दाखिल आरोपपत्र और सजा की प्रमाणित प्रति मांगी गई थी। लेकिन उधर से अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। भारत पहले ही ऐलान कर चुका है वह जाधव को दी गई सजा-ए-मौत के खिलाफ अपील करेगा।
गौरतलब है कि शुक्रवार को इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमिश्नर गौतम बंबावाले ने पाकिस्तान की विदेश सचिव तहमीना जंजुआ से मुलाकात की और जाधव के खिलाफ आरोप पत्र और फैसले की कॉपी मांगी थी। साथ ही जाधव तक राजनयिक पहुंच की भी मांग की थी। पाकिस्तानी सेना के चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा ने जाधव की सजा ए मौत की पुष्टि की थी। कोर्ट मार्शल के दौरान उस पर जासूसी और तोड़फोड़ का आरोप लगाया गया था।
वहीं पाकिस्तान ने कुलभूषण जाधव की कथित आतंकी गतिविधियों के बारे में नया डोजियर तैयार किया और इसे वह संयुक्त राष्ट्र को सौंपेगा। यह डोजियर पाकिस्तान में मौजूद दूसरे देशों के राजदूतों को भी सौंपा जाएगा। यह डोजियर पाकिस्तान जाधव के मामले में फील्ड जनरल कोर्ट मार्शल के दौरान पेश किए गए सबूतों के आधार पर होगा। इसमें कराची और बलूचिस्तान में कथित तौर पर जाधव की तोड़फोड़ की गतिविधियों और जासूसी का जिक्र होगा।