नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में मास्क पहने हुए यात्री।
- फोटो : PTI
देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं लेकिन ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। मौजूदा समय में कोविड-19 बीमारी से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 59 फीसदी पर पहुंच गई है। कुल मामलों में 59 फीसदी लोग कोरोना से ठीक हो गए हैं।
एक जुलाई तक कोरोना से ठीक होने मरीजों की संख्या 59.43 फीसदी है। देश में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 5,85,493 है जिसमें से 3,47,978 मरीज ठीक हो चुके हैं। भारत सरकार के ट्विटर हैंडल जो कोविड-19 के आधिकारिक आंकड़ों की जानकारी देता है, उसने ट्वीट के जरिए ठीक होने वाले मरीजों का एक ग्राफ शेयर किया है।
ट्वीट में लिखा गया है कि 25 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लगाए गए पहले लॉकडाउन के बाद से देश में कोरोना बीमारी से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।
सरकारी डाटा के मुताबिक मार्च के अंत में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा सात प्रतिशत था जो मई की शुरुआत में बढ़कर 26 फीसदी हो गया था। 18 मई को ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा 38 फीसदी तक पहुंच गया था जो महीने के अंत तक आकर 47.7 फीसदी पर पहुंच गया था। एक जुलाई 2020 को कोविड-19 से ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा 60 फीसदी के करीब पहुंच गया है।
देश में कोरोना के मामले छह लाख के पास पहुंच गए हैं और बुधवार को एक दिन में कोरोना के 18,653 नए मामले सामने आए और 500 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। एक आंकड़ा एक दिन का सर्वाधिक आंकड़ा है। कोरोना से अबतक देश में 17,400 लोगों की जान चुकी है।