भारत में एक दिन में कोरोनावायरस के 3,805 नए मामले सामने आए हैं। यह शुक्रवार के केसों से करीब सात फीसदी ज्यादा है। वहीं, पिछले 24 घंटे में 22 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही देश में अब कुल मामलों का आंकड़ा 4,30,98,743 पर पहुंच गया है, जबकि उपचाराधीन मरीजों (एक्टिव केसों) की 20,303 हो गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में मृतकों की कुल संख्या 5,24,024 हो गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि जिन मरीजों ने बीते 24 घंटे में जान गंवाई है, उनमें से 20 की मौत केवल केरल में हुई है। आंकड़ों के अनुसार, उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.05 प्रतिशत है। देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 98.74 प्रतिशत है। संक्रमण की दैनिक दर 0.78 प्रतिशत और साप्ताहिक संक्रमण दर 0.79 प्रतिशत दर्ज की गयी। अभी तक कोविड-19 के लिए 84.03 करोड़ नमूनों की जांच हुई है, जिनमें से 4,87,544 नमूनों की जांच एक दिन पहले हुई।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 615 मामलों की वृद्धि दर्ज की गयी है। इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,25,54,416 हो गयी है जबकि मृत्यु दर 1.22 प्रतिशत दर्ज की गयी है। देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 190 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी है।
आंकड़ों के अनुसार, देश में जिन 22 और मरीजों ने जान गंवाई है, उनमें से 20 की मौत केरल में और एक-एक मरीज की मौत कर्नाटक और पश्चिम बंगाल में हुई है।
इस महामारी से अभी तक देश में 5,24,024 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से 1,47,845 की महाराष्ट्र में, 69,210 की केरल में, 40,103 की कर्नाटक में, 38,025 की तमिलनाडु में, 26,177 की दिल्ली में, 23,508 की उत्तर प्रदेश में और 21,203 लोगों की मौत पश्चिम बंगाल में हुई।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण से अब तक जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से अधिक मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।