देश में 75 दिन के बाद कोरोना के सबसे कम दैनिक मामले दर्ज किए गए हैं। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 60,000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं और दो हजार से ज्यादा लोगों ने कोरोना वायरस के आगे दम तोड़ा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
बता दें कि देश में एक दिन में कोविड-19 के 60,471 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,95,70,881 हो गई। देश में 75 दिन बाद संक्रमण के इतने कम नए मामले सामने आए हैं और दैनिक संक्रमण दर भी घटकर 3.45 प्रतिशत हो गई है।
कुल मृतकों की संख्या 3.77 लाख
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकडों के अनुसार, देश में 2726 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 3,77,031 हो गई। उपचाराधीन मामले भी कम होकर 9,13,378 हो गए हैं, जो संक्रमण के कुल मामलों का 3.09 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मामलों में कुल 59,780 की कमी आई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर अब 95.64 प्रतिशत है।
संक्रमण दर 3.45 फीसदी
आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 38,13,75,984 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 17,51,358 नमूनों की जांच सोमवार को की गई। दैनिक संक्रमण दर 3.45 प्रतिशत है। पिछले आठ दिन से यह दर पांच प्रतिशत से कम बनी हुई है। वहीं, संक्रमण की साप्ताहिक दर भी कम होकर 4.39 प्रतिशत हो गई है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 39,27,154 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 25,90,44,072 हुआ।