भारत और पाकिस्तान के विदेश सचिवों के बीच बातचीत नेपाल में सोमवार से शुरू हो रहे 4 दिवसीय सार्क की मंत्रिस्तरीय बैठक में होने की संभावना है। इस बैठक में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज के साथ-साथ दोनों देशों के विदेश सचिव भी शिरकत करने वाले हैं।
विदेश मंत्रालय का कहना है कि इस बैठक में किसी प्रकार की बातचीत का कोई कार्यक्रम नहीं है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि इस दौरान अनौपचारिक बातचीत में विदेश सचिव स्तर की बातचीत की तारीख तय हो सकती है।
गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच 15 जनवरी को होने वाली विदेश सचिव स्तर की वार्ता पठानकोट एयर बेस पर हुए आतंकी हमले के कारण टल गई थी। हालांकि इसके बाद पाकिस्तान ने इस मामले में मामला दर्ज करने के साथ ही जांच टीम को भारत भेजने का फैसला कर हालात संभालने के संकेत दिए हैं। भारत ने भी इस हमले के बाद पाकिस्तान की ओर से की गई कार्रवाई पर संतोष जाहिर किया है।