कैप्टन विर्दी हत्याकांड के भगोड़े हुसैन मोहम्मद शत्ताफ को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि विदेश मंत्रालय ने संयुक्त अरब अमीरात के साथ भगोड़े शत्ताफ उर्फ हुसैन महबूब खोखावाला के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शत्ताफ महाराष्ट्र के लोनावला में 2006 में सेवानिवृत्त मर्चेंट नेवी कैप्टन मनमोहन सिंह विर्दी की हत्या के मामले में वांछित है। विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि प्रत्यर्पण का अनुरोध पिछले सप्ताह यूएई स्थित भारतीय दूतावास को भेज दिया गया था, माना जाता है कि शत्ताफ जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करके अवैध रूप से रह रहा है।
जल्द ही भारत लाया जाएगा भगोड़ा हुसैन
विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि भारत सरकार ने यूएई से भगोड़े को प्रत्यर्पित करने की औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भारत वांछित अपराधियों को वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
शत्ताफ पर हत्या के आरोपों के साथ-साथ जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात और फर्जी जानकारी के आधार पर पासपोर्ट प्राप्त करने के अलग-अलग मामले भी दर्ज हैं। आरोप है कि अपराध के बाद वह भारत से भाग गया। संयुक्त अरब अमीरात में रहने के लिए उसने विवाह प्रमाण पत्र में जालसाजी की। उसका भारतीय पासपोर्ट, जो 2019 में जारी किया गया था, 2021 में समाप्त हो गया था।
ये भी पढ़ें: West Bengal: हुगली में रोकी गई SIR के तहत दावों-आपत्तियों पर सुनवाई, TMC विधायक ने बीएलए न होने पर जताई आपत्ति
क्या था कैप्टन विर्दी हत्याकांड?
19 साल पहले 14 मई 2006 को पुणे के मशहूर हिल स्टेशन लोनावला में रिटायर्ड मर्चेंट नेवी कैप्टन मनमोहन सिंह विर्दी के बंगले पर उनकी खून से सनी लाश बरामद हुई थी। हत्यारों ने शातिराना तरीके से हत्या को अंजाम दिया था, जिससे पुलिस के हाथ कोई सुराग न लगे।
पुलिस की शुरुआत जांच में मामला लूटपाट के दौरान हत्या का लगा। हालांकि, जांच आगे बढ़ने के साथ कई राज खुले। जांच में हुसैन मोहम्मद शत्ताफ, उसकी पत्नी वाहीदा हुसैन शत्ताफ और उनके एक सहयोगी जानिश खान का नाम सामने आया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। हालांकि, हुसैन शत्ताफ और वाहीदा कानून की पेचीदगियों का फायदा उठा कर बॉम्बे हाई कोर्ट से राहत पाने में सफल रहे। कोर्ट ने शत्ताफ और उसकी पत्नी को बरी कर दिया. इसी के बाद मुख्य आरोपी हुसैन मोहम्मद शत्ताफ भारत छोड़कर यूएई फरार हो गया. हालांकि, अब उसे वापस भारत लाए जाने की तैयारी शुरू हो चुकी है।
अन्य वीडियो