पाकिस्तान के साथ वार्ता को लेकर बृहस्पतिवार को अपना रुख स्पष्ट करते हुए भारत ने कहा कि इसके लिए सौहार्दपूर्ण माहौल का होना बहुत जरूरी है। भारत ने कहा कि पाक को चाहिए कि वह उस आतंकवाद और आतंकियों से मुक्ति वाला माहौल दे जिन्होंने पाक से समर्थन मिल रहा है।
भारत और पाकिस्तान के बीच रुकी हुई वार्ता को शुरू करने के संबंध में पाकिस्तान की तरफ से आई खबरों में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बयान दिया। उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि हमारे रुख में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है।
पढ़ें- मसूद अजहर मामले में चीन को भारत की दो-टूक, कहा- आतंकवाद के खिलाफ लड़ते रहेंगे
अगर माहौल सौहार्दपूर्ण रहता है तो हमने हमेशा ही बातचीत की प्रक्रिया को जारी रखने का प्रयास किया है। इसके लिए ऐसा माहौल होना चाहिए जो पाकिस्तान से समर्थन मिलने वाले आतंकवाद और आतंकियों से मुक्त हो।
दिसंबर, 2015 में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की इस्लामाबाद की यात्रा के दौरान व्यापक द्विपक्षीय वार्ता प्रारूप के तहत भारत और पाकिस्तान ने बातचीत शुरू करने की घोषणा की थी।
हालांकि 2016 में पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा पठानकोट में हमला किए जाने के बाद यह वार्ता शुरू ही नहीं हो सकी। वहीं सार्क के बारे में सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि केवल एक देश है जिसे ऐसा माहौल बनाना है जिससे इन बातचीतों को कोई मतलब निकले और सफल हो।