मुंबई के 26/11 हमले के अपराधियों के खिलाफ फौरन कार्रवाई की मांग करते हुए भारत ने कहा है कि यह गहरी चिंता की बात है कि हमले के आठ साल बाद भी इसके जिम्मेदार पाकिस्तान में आजाद घूम रहे हैं।
हमले की दोबारा सुनवाई शुरू करने और हाफिज सईद के खिलाफ केस चलाने की भारत की मांग को पाकिस्तान द्वारा ठुकराए जाने की खबरों के बीच भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गोपाल बागले ने कहा कि 26/11 हमले के साजिशकर्ताओं, अंजाम देने वालों और मदद करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना पाकिस्तान सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि यह चिंता का विषय है कि हमले के आठ साल बाद भी इसके जिम्मेदार अपराधी पाकिस्तान में आजाद घूम रहे हैं और उन पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
हालांकि, पाकिस्तान द्वारा भारत की मांग को खारिज करने के विषय पर बागले ने कोई टिप्पणी से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। पाकिस्तान में एक सिख लड़की का जबरन इस्लाम में धर्म परिवर्तन कराने की घटना पर उन्होंने कहा कि वहां से इस तरह की घटनाओं की खबरें लगातार आती रहती हैं और यह वहां की सरकार की जिम्मेवारी है कि वह अल्पसंख्यकों सहित अपने सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। बागले ने कहा कि जब भी ऐसी घटनाएं सामने आती हैं तो भारत उन्हें पाकिस्तान सरकार के समक्ष उठाता रहता है।