फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona Live: मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा बोले- अंतर्राज्यीय सीमाएं सील करने पर किया जा रहा है विचार

Thu, 29 Apr 2021 11:23 PM IST
दीप्ति मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने कोहराम मचा रखा है। कई दिनों से प्रतिदिन साढ़े तीन लाख से अधिक कोरोना केस मिल रहे हैं। लगातार कोरोना मरीजों और कोविड से होने वाली मौतों में बढ़ोतरी ने दहशत पैदा कर दी है। महमारी के कहर से स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। अस्पताल ऑक्सीजन, दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की कमी का सामना कर रहे हैं। संकट के समय में करीब 20 देश भारत की मदद को आगे आए हैं। देश में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 3.80 लाख के करीब नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3,645 से ज्यादा लोगों की संक्रमण से जान चली गई। कोरोना वायरस से जुड़ी देश दुनिया की सभी अपडेट यहां पढ़ें..
विज्ञापन
मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:26 PM, 29-Apr-2021

पुणे में पिछले 24 घंटे में 11,872 मामले सामने आए

महाराष्ट्र के पुणे में पिछले 24 घंटे में 11,872 मामले सामने आए हैं और 163 लोगों की मौत हो गई। जबकि इस दौरान 9,337 लोग स्वस्थ भी हए।

11:22 PM, 29-Apr-2021

मध्यप्रदेश में अंतर्राज्यीय सीमाएं सील करने पर विचार: नरोत्तम मिश्रा

मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि आवागमन के कारण संक्रमण की चेन को तोड़ने की कार्यवाही भी प्रभावित हो रही है। इसलिये अंतर्राज्यीय सीमाओं को सील करने पर विचार किया गया।

11:07 PM, 29-Apr-2021

गोवा में लगा लॉकडाउन

गोवा में आज यानी गुरुवार शाम 7 बजे से 3 मई की सुबह तक के लिए लॉकडाउन लगा दिया गया है। इस दौरान आवश्यक सेवाओं और औद्योगिक गतिविधियों की अनुमति रहेगी। सार्वजनिक परिवहन बंद रहेंगे साथ ही कैसिनो, होटल और पब भी बंद रहेंगे। आवश्यक सेवा देने वाले परवहन के लिए सीमाएं खुली रहेंगी।

विज्ञापन
10:44 PM, 29-Apr-2021

दिल्ली में कोरोना बेकाबू

दिल्ली में कोरोना का कहर लगातार जारी है। यहां बीते 24 घंटे में कोरोना के 24235 नए मामले सामने आए हैं और 395 लोगों की मौत हो गई है।

08:40 PM, 29-Apr-2021

महाराष्ट्र में कोरोना का कोहराम

पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 66159 मामले सामने आए हैं और 771 लोगों की मौत हुई है। वहीं राज्य में कुल सक्रिय मामले 6,70,301 हैं।

विज्ञापन
08:35 PM, 29-Apr-2021

चंडीगढ़ में गुरुवार को 801 नए कोरोना के मामले

चंडीगढ़ में गुरुवार को 801 नए कोरोना के मामले सामने आए और 8 लोगों की मौत दर्ज की गई। वहीं राज्य में कुल सक्रिय मामले बढ़कर 6,652 हो गए हैं।

08:34 PM, 29-Apr-2021

हरियाणा में 31 मई तक सभी शैक्षिनिक संस्थान बंद रहेंगे

हरियाणा में सभी कॉलेज, कोचिंग संस्थान, आईटीआई, पुस्तकालय, सरकार या निजी प्रशिक्षण संस्थान 31 मई तक बंद रहेंगे। महिला और बाल विकास विभाग के अंतर्गत सभी आंगनवाड़ी केंद्र भी 31 मई तक बंद रहेंगे।

08:28 PM, 29-Apr-2021

वरिष्ठ कवि गीतकार डॉ. कुंवर बेचैन की अंतिम मार्मिक तस्वीर आई सामने

देश के वरिष्ठ कवि गीतकार डॉ. कुंवर बेचैन का गुरुवार को नोएडा के कैलाश हॉस्पीटल में कोरोना से निधन हो गया। उनके निधन से साहित्य जगत में शोक की लहर है। वहीं डॉ. कुंवर बेचैन की निधन से पहले की एक मार्मिक तस्वीर सामने आई है जिसमें वे हाथ जोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।

07:48 PM, 29-Apr-2021

महाराष्ट्र सरकार ने बढ़ाया प्रतिबंध

महाराष्ट्र सरकार ने 15 मई तक के लिए प्रतिबंध बढ़ा दिया है।
 

07:08 PM, 29-Apr-2021

ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए भारतीय वायुसेना और नौसेना की मदद ले रहे

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्ड ने कहा कि ऑक्सीजन के लिए हम स्पेशल ट्रेन समेत भारतीय वायुसेना और नौसेना की मदद ले रहे हैं। हम हर जगह ऑक्सीजन और रेमडेसिविर पहुंचाने के लिए पूरा प्रयास कर रहे हैं। हम विदेशों से भी मेडिकल सुविधाएं ले रहे हैं।

06:14 PM, 29-Apr-2021

गुजरात को कोविशील्ड वैक्सीन की 2 करोड़ खुराक मिलेगी

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने बताया कि राज्य को कोविशील्ड वैक्सीन की 2 करोड़ और कोवाक्सीन की 50 लाख डोज मिलेगी।

05:59 PM, 29-Apr-2021

भारत बायोटेक ने घटाई टीके की कीमत

भारत बायोटेक ने राज्यों के लिए कोरोना वैक्सीन 'कोवाक्सीन' की कीमत घटा दी है। अब यह वैक्सीन राज्यों को 600 रुपये की जगह 400 रुपये में मिलेगी। बता दें कि इससे पहले सीरम इंस्टीट्यूट ने भी राज्यों के लिए इसकी कीमत 400 रुपये से घटाकर 300 रुपये कर दिया था।

05:02 PM, 29-Apr-2021

अस्पतालों को लेकर प्रह्लाद जोशी ने राजनाथ सिंह को लिखा पत्र

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर कर्नाटक के सभी सशस्त्र बलों के अस्पतालों को कोविड देखभाल केंद्रों में परिवर्तित करने का अनुरोध किया है।

04:52 PM, 29-Apr-2021

राष्ट्रीय महिला आयोग ने गर्भवती महिलाओं के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर

राष्ट्रीय महिला आयोग ने गर्भवती महिलाओं को आपातकालीन चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए एक व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर (9354954224) शुरू किया है

04:49 PM, 29-Apr-2021

हरियाणा और तेलंगाना के लिए शुरू हुई ऑक्सीजन एक्सप्रेस : रेल मंत्रालय 

रेल मंत्रालय ने कहा कि ऑक्सीजन एक्सप्रेस को हरियाणा और तेलंगाना के लिए भी शुरू किया गया है। रेलवे द्वारा अगले 24 घंटे में पहुंचाई जाने वाली ऑक्सीजन को जोड़कर कुल मिलाकर लगभग 640 मीट्रिक टन ऑक्सीजन विभिन्न राज्यों को पहुंचाने की उम्मीद है। 

04:40 PM, 29-Apr-2021

ऑक्सीजन आपूर्तिकर्ताओं को दिल्ली हाईकोर्ट का नोटिस

दिल्ली हाईकोर्ट ने राष्ट्रीय राजधानी के सभी ऑक्सीजन आपूर्तिकर्ताओं को नोटिस जारी  करते हुए कहा है कि वे अस्पतालों के लिए उनके द्वारा की गई आपूर्ति के विस्तृत आंकड़ों के साथ अदालत के समक्ष उपस्थित हों।

04:13 PM, 29-Apr-2021

तमिलनाडु में अगले आदेश तक बढ़ा नाइट कर्फ्यू

तमिलनाडु में अगले आदेश तक नाइट कर्फ्यू और रविवार के संपूर्ण लॉकडाउन को बढ़ा दिया गया है। इस दिशानिर्देश के तहत सभी सिनेमा / मल्टीप्लेक्स / थिएटर, जिम, मनोरंजन क्लब, बार, ऑडिटोरियम, मीटिंग हॉल, और अन्य इससे संबंधित स्थान अगले आदेश तक बंद रहेंगे।

03:55 PM, 29-Apr-2021

उत्तर प्रदेश में कोरोना का कहर जारी

पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में कोरोना के 35,156 नए मामले सामने आए हैं। 25,613 लोग डिस्चार्ज हुए। प्रदेश में सक्रिय मामलों की संख्या 3,09,237 है। पिछले 24 घंटे में 258 लोगों की मृत्यु हुई है। कल प्रदेश में 2,25,312 सैंपल की जांच की गई।  

यूपी में 10041134 लोगों को लगी कोरोना की वैक्सीन 
उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि प्रदेश में अब तक 1,00,41,134 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक दी जा चुकी है। इसमें से 21,56,203 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज़ लगी है। निजी अस्पताल और नर्सिंग होम में रजिस्ट्रेशन को 31 जुलाई तक के लिए बढ़ा दिया है। 
 

03:27 PM, 29-Apr-2021

लोग बेवजह अस्पताल की ओर न भागें: डॉ. हर्षवर्धन

कोरोना संकट के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन आज दिल्ली के लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने मीडिया को संबोधिक करते हुए कहा कि  ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में पहले भी था और अब तो इसे और भी बढ़ाया गया है। लोगों को ऑक्सीजन के बारे में सही ज्ञान आवश्यक है। जिसे जरूरत है उसे ऑक्सीजन मिलनी चाहिए। अपने आप अस्पताल न भागें। डॉक्टर कहते हैं कि अस्पताल में रहने की जरूरत है तो जरूर जाएं। उन्होंने आगे कहा कि लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में कुछ ही दिनों में 400 से ज्यादा बेड शुरू होंगे। ये ऑक्सीजन सपोर्टेड होंगे और अधिकांश पर वेंटिलेटर की सुविधा होगी। मैंने इनका खुद निरीक्षण किया है। मुझे आश्वासन मिला है कि हफ्ते के अंदर ये बेड शुरू हो जाएंगे।  

03:11 PM, 29-Apr-2021

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को अस्पताल से मिली छुट्टी

कोरोना संक्रमित होने के बाद दिल्ली एम्स में इलाज करा रहे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को आज यानी गुरुवार को छुट्टी मिल गई। कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मनमोहन सिंह 19 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती हुए थे।  

02:30 PM, 29-Apr-2021

दिल्ली: सहगल निओ अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी 

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर का प्रकोप जारी है। कई दिनों से लगातार साढ़े तीन लाख से ज्यादा मामले आ रहे हैं। लगातार बढ़ते कोरोना मरीजों की संख्या के चलते अस्पतालों में बेड, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन और दवाओं की किल्लत हो गई है। इस बीच खबर आई है कि दिल्ली के सहगल निओ हॉस्पिटल के पास सिर्फ 1 घंटे की ऑक्सीजन बची है।
 

 

02:23 PM, 29-Apr-2021

मप्र: मंत्री विश्वास सारंग ने कमलनाथ पर किया पलटवार

मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने टीकाकरण अभियान की जानकारी देते कहा कि  1 मई से 18 साल से अधिक उम्र के लोगों के वैक्सीनेशन के लिए हम तैयार हैं। अस्पतालों में भीड़ है, इसलिए आंगनवाड़ी, पंचायत भवन और स्कूल के भवन में वैक्सीनेशन किया जाएगा। इसकी ट्रेनिंग बुधवार को हुई। हमने सीरम इंस्टीट्यूट को 45 लाख डोज़ का आर्डर दिया है। कमलनाथ के आरोपों का जवाब देते हुए विश्वास सारंग ने कहा कि कमलनाथ अगर कोरोना में भी राजनीति कर रहे हैं, तो इससे शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता। कांग्रेस नेताओं की एक आदत हो गई है कि वे जहां भाजपा की सरकार है, वहां मुख्यमंत्री को दोष देते हैं और जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां प्रधानमंत्री को दोष देते हैं। ये दोहरापन कैसे चलेगा?

02:19 PM, 29-Apr-2021

कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर बोला हमला

मध्यप्रदेश में लगातार बढ़ती कोरोना मरीजों की संख्या को लेकर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने गुरुवार को शिवराज सरकार को घेरा। कमलनाथ ने कहा कि एक ऐसा अस्पताल पूरे प्रदेश में नहीं है, जहां ऑक्सीजन, बेड और रेमडेसिविर इंजेक्शन उपलब्ध हो और शिवराज सिंह चौहान कह रहे हैं कि सब कुछ है। उन्होंने कहा कि स्कूल, कॉलेज बंद हो सकते हैं, लेकिन राजनीतिक रैलियां बंद नहीं हो सकती है। टेस्टिंग बंद कर दी है।

कमलनाथ ने पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा, 'मैं शिवराज सिंह चौहान से कहता हूं कि आप हेलीकॉप्टर लेकर हर जिले में जाकर लोगों से बात करें। केंद्र राज्य को दोष दे रहे हैं और राज्य केंद्र को। प्रधानमंत्री सोच रहे हैं कि राज्य को दोष दे दिया जाएं तो वे इससे छूट जाएंगे।''

01:16 PM, 29-Apr-2021

हर्षवर्धन ने लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने देश की राजधानी दिल्ली में लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान, हर्षवर्धन ने कहा कि हमारा सबसे बड़ा हथियार कोविड अनुरूप व्यवहार है। मास्क से बड़ा कोई हथियार नहीं है। जो मर्जी हो करें लेकिन कोविड अनुरूप व्यवहार मत भूलिये। दो गज की दूरी को मत भूलिये और थोड़े भी लक्षण हैं तो टेस्ट जरूर कराएं।
 

 

01:09 PM, 29-Apr-2021

शिवसेना ने सुप्रीम कोर्ट को बताया 'मूकदर्शक'

कोरोना महामारी को लेकर शिवसेना ने गुरुवार को केंद्र सरकार को घेरा। शिवसेना ने अपने मुखपत्र में केंद्र पर निशाना साधते हुए लिखा है कि सुप्रीम कोर्ट ने भी इस बात की पुष्टि कर दी है कि मोदी सरकार कोरोना संकट से निपटने में असफल रही है। शिवसेना ने कहा कि देश में स्वास्थ्य का ढांचा ध्वस्त हो चुका है और देश में मेडिकल ऑक्सीजन, बेड और वैक्सीन की कमी चिंता का विषय बनी हुई है। शिवसेना ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी टिप्पणी की है। आखिर इसके लिए भाजपा के नेता किससे इस्तीफा मांगेंगे। इसके साथ ही शिवसेना ने सुप्रीम कोर्ट पर भी हमला बोलते हुए उस पर अब तक मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाया है। 

12:13 PM, 29-Apr-2021

बिना इलाज लोग मर रहे और मुख्यमंत्री कह रहे बेड की कमी नहीं: कांग्रेस

उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या को लेकर कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को योगी सरकार पर हमला बोला है। उत्तर प्रदेश कांगेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि इलाज नहीं है, बेड नहीं है। लोग मर रहे हैं, ऑक्सीजन की लंबी लाइन लगी हुई है। फिर भी मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि बेड और ऑक्सीजन उपलब्ध है। कोरोना जांच हो रही है। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) बता दीजिए एक प्राइवेट लैब जहां जांच हो रही हो।

11:56 AM, 29-Apr-2021

महामारी के चलते चारधाम यात्रा रद्द

कोविड महामारी के बीच आगामी चारधाम यात्रा को उत्तराखंड सरकार ने रद्द कर दिया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह ने यह जानकारी मीडिया को दी है। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में कोविड मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए चारधाम की यात्रा को स्थगित किया जाता है। केवल पुजारी ही वहां पूजा कर सकते हैं। पूरे देश के लोगों के लिए चारधाम यात्रा को अभी के लिए बंद किया जाता है। बता दें कि गुरुवार को इस संबंध में एक बैठक आयोजित की गई थी।


 

11:44 AM, 29-Apr-2021

अमेरिका ने अपने नागरिकों को भारत की यात्रा न करने की दी सलाह

अमेरिका ने अपने नागरिकों को भारत की यात्रा न करने और जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है। उसने कहा कि ऐसा करना सुरक्षित है क्योंकि भारत में कोविड-19 के मामले बढ़ने के बीच सभी तरह की चिकित्सीय देखभाल के संसाधन सीमित हो गए हैं। अमेरिका ने भारत पर चौथे चरण का यात्रा परामर्श जारी किया है, जो विदेश विभाग द्वारा जारी किए जाने वाला सबसे अधिक स्तर का परामर्श होता है। अमेरिकी विदेश विभाग ने ट्वीट किया, ‘‘भारत में कोविड-19 के मामलों के कारण चिकित्सीय देखभाल के संसाधन बेहद सीमित हैं। भारत छोड़ने की इच्छा रखने वाले अमेरिकी नागरिकों को अभी उपलब्ध वाणिज्यिक विकल्पों का इस्तेमाल करना चाहिए। अमेरिका के लिए रोज चलने वाली उड़ानें और पेरिस तथा फ्रैंकफर्ट से होकर आने वाली उड़ानें उपलब्ध हैं।’’

11:23 AM, 29-Apr-2021

राज्यों को मिलेगी तीन दिन में 20 लाख वैक्सीन डोज

केंद्र सरकार अब तक सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 16.16 करोड़ से अधिक वैक्सीन की डोज मुहैया करा चुकी है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी एक करोड़ से अधिक वैक्सीन का स्टॉक उपलब्ध है। केंद्र सरकार आगामी तीन दिनों में 20 लाख से अधिक वैक्सीन की डोज और भेजेगी। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
 

11:23 AM, 29-Apr-2021

महाराष्ट्र: सीएम ठाकरे जिला कलेक्टरों के साथ भी करेंगे बैठक

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे आज यानी गुरुवार को ही टीकाककरण अभियान के अलावा जिला अधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे। सीएम ठाकरे सभी जिला कलेक्टरों और मंडल आयुक्तों के साथ बैठक में कोरोना की स्थिति को लेकर चर्चा करेंगे। 
 
 

10:23 AM, 29-Apr-2021

राजस्थान: सीएम गहलोत की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव

देश के कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए, जिनमें उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बाद अब राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का भी नाम जुड़ गया। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की कोरोना वायरस टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। गहलोत ने ट्वीट कर जानकारी दी। बता दें कि एक दिन पहले ही अशोक गहलोत की पत्नी सुनीता गहलोत कोरोना संक्रमित हो गई थीं, जिसके बाद मुख्यमंत्री होम आइसोलेशन में चले गए थे।

10:19 AM, 29-Apr-2021

महाराष्ट्र: टीकाकरण को लेकर सीएम उद्धव करेंगे बैठक

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे आज यानी गुरुवार को 1 मई से शुरू होने वाले कोविड टीकाकरण के तीसरे चरण को लेकर बैठक करेंगे। बता दें कि कोविड टीकाकरण के तीसरे चरण में 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को कोविड का टीका लगाया जाएगा। 
 
 

10:11 AM, 29-Apr-2021

उपलब्धि: 15 करोड़ से अधिक आबादी को लगा टीका

देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान जारी है। अब तक 15,00,20,648 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। बता दें कि 1 मई से कोविड टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू होने वाला है, इसमें 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को कोविड का टीका लगाया जाएगा। 18 साल से ऊपर के लोगों के वैक्सीनेशन के लिए बुधवार से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया। तीन घंटे में 80 लाख से ज्यादा लोगों ने कोविन एप पर वैक्सीन लगवाने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया।

10:06 AM, 29-Apr-2021

राहत: डेढ़ करोड़ से ज्यादा मरीजों ने दी कोरोना को मात

स्वास्थ्य मंत्रालय मुताबिक, देश में कोरोना के सक्रिय मरीजों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटों में 2,69,507 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं। इसके साथ ही देश में अब तक 1,50,86,878 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब हुए हैं। रोजाना के आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बेहद कम है। फिलहाल, देश में सक्रिय मामले बढ़कर 30,84,814 पहुंच गए हैं। सक्रिय मामलों की संख्या अमेरिका के बाद सबसे अधिक भारत में है। 

09:40 AM, 29-Apr-2021

अब तक 28.44 लाख लोगों की हुई कोविड जांच

देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए जांच में भी तेजी लाई गई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के मुताबिक, भारत में गुरुवार तक कोरोना वायरस के लिए कुल 28,44,71,979 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 17,68,190 सैंपल गुरुवार को ही टेस्ट किए गए।
 


 

09:12 AM, 29-Apr-2021

रूस से मदद लेकर दिल्ली पहुंचे दो विमान

कोरोना के चलते भारत में पैदा हुए संकट के बीच दुनिया के तमाम देशों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। भारत में लगातार बढ़ते कोरोना के प्रकोप के बीच मित्र देश रूस ने मदद भेजी है। रूस से दो विमान ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, वेंटिलेटर और दवाइयों समेत चिकित्सा सहायता लेकर नई दिल्ली पहुंचे। भारत में रूस के राजदूत निकोले कुदाशेव ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट से लड़ने के लिए रूस ने भारत की मदद करने का निर्णय लिया है। 

09:08 AM, 29-Apr-2021

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई मंगलवार देर रात कोविड वैक्सीन कोविशील्ड का स्टॉक पहुंचा है। बीएमसी ने बताया कि मंगलवार देर रात वैक्सीन का स्टॉक मिला है। इसे बुधवार यानी आज सुबह सरकारी और एमसीजीएम अस्पतालों/केंद्रों तक पहुंचा जाएगा। इसलिए सभी सरकारी और एमसीजीएम कोविड वैक्सीनेशन सेंटर पर आज 12 बजे के बाद टीकाकरण किया जाएगा।
 

08:55 AM, 29-Apr-2021

मिजोरम: 139 नए कोरोना मरीज मिले, अब तक 13 की मौत

मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 139 नए मामले सामने आए। इस साथ ही पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 5,880 हो गई, जिसमें से 1075 का इलाज चल रहा है। 4,792 स्वस्थ हो गए हैं और अब तक 13 लोगों की जान जा चुकी है। 

08:47 AM, 29-Apr-2021

कोरोना: 24 घंटे में मिले 3.80 लाख नए मरीज

देश में कोरोना संक्रमण के मामले प्रतिदिन अपने पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर रहे हैं। प्रतिदिन कोरोना के नए मरीजों और कोविड से होने वाली मौतों की संख्या में बढ़ोतरी जारी है। देश में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 3.80 लाख के करीब नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3,645 से ज्यादा लोगों की संक्रमण से जान चली गई। इसके साथ ही देश में मृतकों का आंकड़ा दो लाख के पार पहुंच गया है। वहीं सक्रिय मामलों की संख्या 30 लाख के पार पहुंच गई है। 

08:41 AM, 29-Apr-2021

बंगाल: पूर्व टीएमसी विधायक गौरी शंकर दत्त का निधन

पश्चिम बंगाल में आज यानी बुधवार को आठवें और आखिरी चरण के लिए मतदान जारी है। वहीं राज्य में कोरोना संक्रमण ने विकराल रूप धारण कर लिया है। बंगाल के नदिया जिले की तेहट्टा सीट से तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके पूर्व विधायक गौरीशंकर दत्त का कोरोना संक्रमण से निधन हो गया। 70 वर्षीय गौरी शंकर टिकट नहीं मिलने पर मार्च में भाजपा में शामिल हो गए थे। बता दें कि बंगाल में अब तक किसी पूर्व विधायक और उम्मीदवार की यह पांचवीं मौत है। 

08:13 AM, 29-Apr-2021

Live: मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा बोले- अंतर्राज्यीय सीमाएं सील करने पर किया जा रहा है विचार

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने कोहराम मचा रखा है। कई दिनों से प्रतिदिन साढ़े तीन लाख से अधिक कोरोना केस मिल रहे हैं। लगातार कोरोना मरीजों और कोविड से होने वाली मौतों में बढ़ोतरी ने दहशत पैदा कर दी है। महमारी के कहर से स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। अस्पताल ऑक्सीजन, दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की कमी का सामना कर रहे हैं। संकट के समय में करीब 20 देश भारत की मदद को आगे आए हैं। देश में पिछले 24 घंटे में 3.80 लाख से ज्यादा नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3647 लोगों की जान चली गई।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें