वेव्स शिखर सम्मेलन से पहले भारत का बड़ा एलान
- फोटो : ANI
केंद्र सरकार ने देश में उभरती रचनाकार अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार को एक अरब डॉलर (करीब 8,300 करोड़ रुपये) के फंड की घोषणा की। यह घोषणा मुंबई में एक से 4 मई तक होने वाले वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट (वेव्स) से पहले की गई है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह फंड सृजनात्मक क्षेत्र के युवाओं को वैश्विक पहचान दिलाने में मदद करेगा।
100 देशों के राजदूतों से भागीदारी का आग्रह
विदेश मंत्री एस. जयशंकर, मंत्री अश्विनी वैष्णव और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 100 से अधिक देशों के राजदूतों के साथ बैठक कर वेव्स में भागीदारी का आग्रह किया। यह शिखर सम्मेलन मीडिया और मनोरंजन उद्योग के लिए दोवास के वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम और कांस फिल्म फेस्टिवल की तर्ज पर एक वैश्विक मंच बनाने की पहल है। सीएम फडणवीस ने कहा, मुंबई, भारत की मनोरंजन राजधानी, इस समिट का स्थायी स्थल होगा।
पीएम मोदी भी समिट में होंगे शामिल- फडणवीस
सीएम फडणवीस ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस समिट में शामिल होंगे। वे इस आयोजन के दौरान सीईओ समिट की अध्यक्षता भी करेंगे, क्योंकि हम सभी जानते हैं कि दुनिया भर में क्रिएटिव इकॉनमी बहुत तेजी से बढ़ रही है और इस तरह के आयोजनों से मुंबई और महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था को भी मदद मिलेगी। इस वेव्स समिट के अलावा, आज एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया, जो यह है कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान की तर्ज पर अब भारत सरकार ने आईआईसीटी का फैसला किया है और हम बहुत भाग्यशाली हैं कि पहला आईआईसीटी मुंबई में स्थापित किया जाएगा, फिल्म सिटी के पास मुंबई के गोरेगांव इलाके में जमीन भी चिह्नित की गई है। केंद्र सरकार ने इस आईआईसीटी की स्थापना के लिए 400 करोड़ रुपये के फंड को भी मंज़ूरी दी है। यह संस्थान क्रिएटिव इंडस्ट्री के लिए सभी तरह की तकनीक की सुविधा प्रदान करेगा।'
पीएम मोदी करेंगे मीडिया सीईओ के साथ चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दौरान शीर्ष मीडिया कंपनियों के सीईओ के साथ गोलमेज बैठक की अध्यक्षता करेंगे। विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा, वास्तविक वैश्वीकरण एक ही सच या कहानी नहीं, बल्कि दुनिया की विविधता को दर्शाने वाला होना चाहिए। वेव्स इसी विविधता को प्रदर्शित करेगा। वेव्स का उद्देश्य फिल्म, गेमिंग, ऑडियो-विजुअल टेक्नोलॉजी और डिजिटल क्रिएटर्स को एक मंच पर लाना है। अश्विनी वैष्णव ने बताया कि नए फंड से युवा रचनाकारों को तकनीकी प्रशिक्षण, इन्फ्रास्ट्रक्चर और वैश्विक सहयोग के अवसर मिलेंगे।