भारत चीन के बीच गतिरोध जारी है। दोनों देशों के बीच तनाव को कम करने के लिए सैन्य स्तर पर वार्ता भी हो रही है। इसी क्रम में दोनों देश की सेनाओं के बीच डीबीओ और चुशूल में मेजर जनरल स्तर की वार्ता की गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दक्षिण अफ्रीका यात्रा से पहले लद्दाख के दौलत बेग और चुशूल इलाके में मेजर जनरल स्तर की वार्ता आयोजित की गई। दक्षिण अफ्रीका में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग की मुलाकात हो सकती है।
विज्ञापन
पीएम मोदी दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति माटामेला सिरिल रामफोसा के निमंत्रण पर 15वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए 22 अगस्त को जोहान्सबर्ग रावना होंगे। 24 अगस्त तक पीएम मोदी दक्षिण अफ्रीका में ही रहेंगे। सेना के सूत्रों की मानें तो दो स्थानों पर चीनी सैन्य अधिकारियों के साथ हुई वार्ता का प्रतिनिधित्व त्रिशूल डिवीजन कमांडर मेजर जनरल पीके मिश्रा और यूनिफॉर्म फोर्स कमांडर मेजर जनरल हरिहरन ने किया।
रक्षा सूत्रों के अनुसार, डेपसांग मैदानों और सीएनएन जंक्शन पर मुद्दों को हल करने के लिए बातचीत हो रही है। अगर यह वार्ता आगे बढ़ती है तो अंतिम रूप देने के लिए कोर कमांडर स्तर की वार्ता आयोजित की जाएगी। बता दें, सीमाओं पर तनाव के कारण सभी स्तरों पर संबंध खराब हो गए हैं। भारत-चीन ने वास्तविक नियंत्रण रेखा के पार पूर्वी लद्दाख सेक्टर में 50000 से अधिक सैनिकों को तैनात किया हुआ है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने भी चीनी विदेश मंत्री वांग यी के साथ वार्ता की थी, जिसके चार महीने बाद 19वें दौर की कोर कमांडर स्तर की बैठक हुई थी।