बच्चों से मिलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
- फोटो : ANI
आज देश 73वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न मना रहा है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से भाषण दिया। जिसमें उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर देश को संबोधित किया। अपना भाषण खत्म करने के बाद हर बार की तरह इस बार भी प्रधानमंत्री ने लाल किले पर बच्चों से मुलाकात की। बच्चे प्रधानमंत्री को देखकर काफी खुश दिखाई दिए।
प्रधानमंत्री ने इस दौरान तीन तलाक से लेकर अनुच्छेद 370 तक पर अपनी बात कही। उन्होंने तीन तलाक पर कहा कि देश की मुस्लिम बेटियां डरी हुई थीं। भले ही वो तीन तलाक की शिकार नहीं बनी हों लेकिन उनके मन में डर रहता था। तीन तलाक को कई इस्लामिक देशों ने भी खत्म कर दिया था, तो हमने क्यों नहीं किया। अगर देश में सती प्रथा, दहेज और भ्रूण हत्या के खिलाफ कानून बना सकते हैं तो तीन तलाक के खिलाफ क्यों नहीं।
वहीं प्रधानमंत्री ने अनुच्छेद 370 पर कहा कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना पटेल के सपने को साकार करने जैसा है। आजादी के बाद से अभी तक जिन्होंने देश के विकास में योगदान दिया है, उनको भी वह नमन करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि नई सरकार को दस हफ्ते भी नहीं हुए हैं, लेकिन इतने कम समय में भी हर क्षेत्र में काम किया जा रहा है।
दस हफ्ते के भीतर ही अनुच्छेद 370, 35ए का हटना सरदार वल्लभ भाई पटेल के सपनों को साकार करने में एक कदम है। विपक्षी पार्टियों पर हमला करते हुए कहा कि अगर अनुच्छेद 370 जम्मू कश्मीर के हित में था तो आप लोगों ने इसे पर्मानेंट क्यों नहीं किया। अनुच्छेद 370 के हटने से एक देश एक संविधान का सपना साकार हुआ।