फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीएम मोदी ने देशवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई, कुछ देर में राष्ट्र को करेंगे संबोधित

Wed, 15 Aug 2018 01:51 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
पूरा देश आज 72वां स्वतंत्रता दिवस समारोह मना रहा है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। वें कुछ ही देर में पांचवीं बार लाल किले की प्राचीर पर तिरंगा फहराएंगे। इसके बाद पीएम मोदी वहीं से राष्ट्र को संबोधित करेंगे। साल 2014 में भाजपा नीत राजग के सत्ता में आने के बाद से यह उनका पांचवां संबोधन होगा।
विज्ञापन


उल्लेखनीय है कि पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के भाषण के लिए हाल में लोगों से उनके विचार मांगे थे। प्रधानमंत्री पिछले तीन साल से लोगों से अपने संबोधन के लिए राय मांग रहे हैं। MyGov.in के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी कुछ लोगों की राय को अपने भाषण में शामिल करेंगे।

बता दें कि प्रधानमंत्री के तौर पर मोदी के इस कार्यकाल का ये आखिरी भाषण होगा। क्योंकि साल 2019 में लोकसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।  
 



सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम :

आतंकी खतरे की आशंका को लेकर लालकिला के साथ पूरी दिल्ली अभेद्य किले में तब्दील कर दी गई है। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। दिल्ली की संवेदनशील जगहों पर जवान पैनी नजर रखे हुए हैं। समारोह स्थल के पास अर्धसैनिक बलों के दस हजार जवान तैनात किए गए हैं। साथ ही दिल्ली पुलिस के 70 हजार जवान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने में मदद करेंगे। 
विज्ञापन


दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक राजधानी में जमीन से लेकर आसमान तक कड़ा पहरा है। यमुना नदी में भी कमांडो गश्त पर हैं। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे के जरिए वीवीआईपी रूट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। लालकिले के आस पास की इमारतों के अलावा सीवर के ढक्कनों को भी सील कर दिया गया है।  

आधी रात से बॉर्डर सील  : 

सुरक्षा को देखते हुए मंगलवार आधी रात से दिल्ली की सीमाएं सील कर दी गई हैं। एक भी व्यावसायिक वाहन को दिल्ली में प्रवेश करने की इजाजत नहीं है। निजी वाहनों को भी समारोह के दौरान सघन तलाशी के बाद ही दी दिल्ली में घुसने की इजाजत है। 
 
विज्ञापन

आज आयुष्मान भारत की घोषणा कर सकते हैं पीएम

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश के 11 राज्यों के चुनिंदा जिलों में आयुष्मान भारत राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा योजना लागू हो जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद लाल किले से भाषण में अपनी इस महत्वाकांक्षी योजना को लागू करने की घोषणा कर सकते हैं। योजना सितंबर में पूरी तरह से लागू होने की संभावना है। 

योजना के प्रीमियम भुगतान केंद्र और राज्य सरकारें करेंगी। योजना में शामिल किए जाने वाले हर परिवार को इलाज के लिए सालाना 5 लाख रुपये तक का बीमा कवर मिलेगा। इस योजना से देश के 10 करोड़ परिवारों और 50 करोड़ लोगों को फायदा मिलेगा। इसके तहत ग्रामीण इलाकों के 8.03 करोड़ और शहरी क्षेत्रों के 2.33 करोड़ गरीब परिवारों को लाभ होगा। 

पंजाब, केरल, महाराष्ट्र, कर्नाटक और दिल्ली ने अभी तक योजना को लागू करने की सहमति नहीं दी है। ओडिशा ने इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया है। अभी तक 22 राज्य ‘ट्रस्ट मॉडल’ के तौर पर योजना को लागू करने की सहमति जता चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने योजना के तहत बीमा करने के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों को सूचीबद्ध करने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। 

अस्पताल में भर्ती होने से पहले के स्वास्थ्य संबंधी खर्च और डिस्चार्ज होने के बाद के खर्च भी योजना में शामिल हैं। बीमा कराने के पहले दिन से सभी सुविधाएं मिलने लगेंगी। अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में आने जाने का भत्ता भी दिया जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें