आयकर विभाग ने पंजीकृत गैर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के खिलाफ कर चोरी के मामले में कई राज्यों में छापेमारी की है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से इसकी जानकारी दी है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इन सभी राजनीतिक दलों पर संदिग्ध फंडिंग जुटाने के बाद कर चोरी करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि चुनाव आयोग की सिफारिश पर यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इस बीच खबर है कि आयकर विभाग ने दिल्ली में स्थित थिंक टैंक सेंटर फॉर पॉलिसी रिसर्च (CPR) पर भी छापेमारी की है। इसके बाद आयकर की टीम ने एक NGO ऑक्सफैम पर भी छापेमारी की। छापेमारी विदेशी धन हासिल करने में विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) के प्रावधानों के उल्लंघन को लेकर की गई थी। आयकर विभाग एफसीआरए के माध्यम से प्राप्त धन की रसीद के साथ-साथ इन संगठनों के बही-खातों की जांच कर रहा है।
इन राज्यों में हो रही छापेमारी
सूत्रों ने बताया कि गुजरात, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, कर्नाटक और कुछ अन्य राज्यों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। आयकर विभाग द्वारा पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों (आरयूपीपी) और उनसे जुड़ी संस्थाओं, ऑपरेटरों और अन्य के खिलाफ एक समन्वित कार्रवाई शुरू की गई है।
चुनाव आयोग की सिफारिश पर हुई कार्रवाई: सूत्र
सूत्रों की माने तो चुनाव आयोग (ईसी) की सिफारिश पर आयकर विभाग द्वारा कार्रवाई की गई है जिसने हाल ही में भौतिक सत्यापन के दौरान गैर-मौजूद पाए जाने के बाद 87 संस्थाओं को आरयूपीपी की सूची से हटा दिया था। चुनाव आयोग ने घोषणा की थी कि वह 2,100 से अधिक पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा था, जो नियमों और चुनावी कानूनों का उल्लंघन कर रहे थे। इसके तहत ये सभी राजनीतिक दल मौद्रिक योगदान दाखिल करने से संबंधित, उनके पते और पदाधिकारियों के नाम को अपडेट करने में विफल रहे थे। इनमें से कुछ पार्टियां गंभीर वित्तीय अनियमितता में लिप्त थीं।
आईपीएसएमएफ के ठिकानों पर भी छापेमारी
आयकर विभाग ने इसके अलावा बेंगलुरु स्थित इंडिपेंडेंट एंड पब्लिक स्पिरिटेड मीडिया फाउंडेशन (IPSMF) जो कई मीडिया आउटलेट्स को भी फंड्स जारी करती है के ठिकानों पर भी छापेमारी की है। हालांकि जिन संगठनों के खिलाफ आयकर विभाग की कार्रवाई हुई है उनकी ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। बता दें कि आईपीएसएमएफ ट्रस्ट इन्वेस्टिगेटिव खबरों के लिए कुछ मीडिया आउटलेट्स को वित्तीय सहायता भी प्रदान करता है।
बेंगलुरु स्थित IPSMF ट्रस्ट इन्वेस्टिगेटिव स्टोरीज के लिए जाने जानेवाले कुछ मीडिया संगठनों को भी फंड करता है। पत्रकार टीएस निनन IPSMF ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं, जबकि इसके ट्रस्टियों में अभिनेता अमोल पालेकर भी शामिल हैं। इसके दानदाताओं में प्रेमजी, गोदरेज और नीलेकणी समेत कई कारोबारी परिवार भी शामिल हैं।