आयकर विभाग ने कर चोरी के आरोप में बुधवार को दक्षिण भारत की बड़ी
ज्वैलरी चैन जोयलुकास के देश भर में 130 स्टोर और अन्य परिसरों पर एक साथ छापे मारे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई जोयलुकास से जुड़ी एक अन्य कंपनी पर भी की गई है।
आयकर अधिकारियों ने इस बिजनेस हाउस के चेन्नई, हैदराबाद, त्रिशूर और केरल स्थित कई ठिकानों पर छापे मारे। दिल्ली, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, गुजरात, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में भी छापे की कार्रवाई हुई है। सूत्रों के अनुसार, दोनों कंपनियों के खिलाफ नोट बंदी के बाद कथित कर चोरी की जांच को देखते हुए कार्रवाई की गई है।
पढ़ें- Income Tax के दायरे में आने वालों के लिए अच्छी खबर, टैक्स से बचने में होगी आसानी
आयकर अधिकारियों ने कंपनी के खातों में बड़ी मात्रा में नकदी जमा होने और सोना, हीरा तथा अन्य आभूषणों की बिक्री का पता लगाया है। सूत्रों के अनुसार, इस देशव्यापी कार्रवाई को आयकर विभाग की चेन्नई शाखा की देखरेख में अंजाम दिया गया। इसमें 100 से ज्यादा आयकर अधिकारी और कई पुलिस टीमें शामिल थीं।