आयकर विभाग ने अभिनेता कारोबारी सचिन जोशी के पिता जेएम जोशी की गुटका कंपनी जेएमजे ग्रुप में छापा मारकर 1500 करोड़ रुपये का कालाधन पकड़ा है। इस रकम का लेनदेन कर चोरी वाले देशों संपत्तियां खरीदने में हुआ था। एक दिन पहले ही ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेएम जोशी के बेटे सचिन जोशी को गिरफ्तार किया था।
सीबीडीटी ने बताया कि आयकर विभाग ने छह दिन तक कंपनी के मुंबई स्थित ठिकानों पर छापे मारे। तलाशी का यह सिलसिला 13 फरवरी को समाप्त हुआ। इस दौरान 1500 करोड़ के अघोषित लेनदेन के अलावा 13 लाख रुपये की नकदी और सात करोड़ के जेवर जब्त किए गए।
इस कार्रवाई के दौरान के ब्रिटिश वर्जिन आईलैंड की एक कंपनी के साथ विदेशी संपत्तियों का पता लगाया जिसका एक कार्यालय दुबई में भी था। सीबीडीटी का आरोप है कि इस कंपनी की कुल संपत्ति 803 करोड़ रुपये है जिसे भारत से आई रकम के जरिये खड़ा किया गया। आयकर विभाग का आरोप है कि इस कंपनी ने 638 करोड़ रुपये के शेयर वापस भारतीय कंपनी के नाम किए।