आईसीआईसीआई बैंक की सीईओ चंदा कोचर के पति दीपक कोचर को आयकर विभाग ने नोटिस जारी किया है। विभाग के अधिकारियों ने यह नोटिस आयकर अधिनियम की धारा 131 के तहत भेजा है। इसमें विभाग ने कोचर से निजी वित्तीय जानकारियां, बीते कुछ सालों का आयकर रिटर्न और न्यूपावर रीन्यूएबल्स के साथ किए गए बिजनेस के लेनदेन की जानकारी मुहैया कराने को कहा है।
बता दें कि दीपक कोचर और वीडियोकॉन के चेयरमैन वेणुगोपाल धूत के खिलाफ
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। वहीं, पूरे मामले पर सेबी की नजर भी है।
यह था मामला
वीडियोकॉन ग्रुप के मालिक धूत ने दीपक कोचर के साथ मिलकर बराबर की पार्टनरशिप में दिसंबर 2008 में न्यूपावर नाम से एक कंपनी खोली थी। इसमें यह भी कहा गया था कि कोचर परिवार, चंदा कोचर के रिश्तेदार महेश आडवाणी और नीलम आडवाणी संदेहास्पद बिजनेस ट्रांजेक्शन की मदद से धूत परिवार की ओर से स्थापित कंपनी न्यूपावर के मालिक बन गए थे। गुप्ता का कहना था कि लोन के बदले कंपनी का मालिकाना हक कोचर परिवार को ट्रांसफर किया गया था।
20 बैंकों ने दिया था कर्ज
आईसीआईसीआई बैंक ने कहा है कि वीडियोकॉन को 20 बैंकों ने लोन दिया था। बैंक लोन देने वाले कंशोर्शियम का हिस्सा था, जिसमें उसका योगदान मात्र 10 फीसदी था। अन्य बैंकों ने जिन शर्तों पर वीडियोकॉन को लोन दिया था, उसी का पालन बैंक ने भी किया था।
बैंक ने कहा है कि उसका लोन देने का सिस्टम मजबूत है। यह इस तरह से बनाया गया है कि कोई एक शख्स किसी कंपनी को कर्ज देने के बारे में फैसला नहीं कर सकता। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि बैंक की सीईओ चंदा कोचर के पति दीपक कोचर को लोन पास कराने की एवज में एक कंपनी में हिस्सेदारी दी गई थी।