आयकर विभाग ने बुधवार को तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता की सहयोगी शशिकला पर बड़ी कार्रवाई की है। आयकर विभाग ने तमिलनाडु के कोडानाड और सिरुथवूर क्षेत्रों में पूर्व सीएम जे जयललिता की सहयोगी शशिकला से जुड़ी संपत्ति को संलग्न किया। आयकर विभाग ने बताया कि 2000 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
आयकर विभाग द्वारा जब्त की गई संपत्तियों का पूरा ब्यौरा फिलहाल नहीं मिला है। आयकर विभाग पिछले माह ही शशिकला की करोड़ों की संपत्ति जब्त कर चुका है। इससे पहले खबर आई थी कि आयकर विभाग ने सितंबर में शशिकला की करीब 300 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी।
पिछले साल जब्त हुई थी 1500 करोड़ रुपये की संपत्ति
इससे पहले पिछले साल नंवबर में भी आयकर विभाग द्वारा शशिकला की 1500 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने की खबर सामने आई थी। वीके शशिकला और उनके रिश्तेदारों के स्वामित्व वाली संपत्तियों पर छापेमारी करते हुए एजेंसी को दस्तावेज मिले थे। इन संपत्तियों को बेनामी अधिनियम के तहत जब्त किया गया था।