प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने लाल किले से देश को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले पांच साल में देश की अर्थव्यवस्था को 2 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था को 3 ट्रिलियन में बदला है। संबोधन में उन्होंने कहा अगर देशवासी साथ चलें तो 5 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था मुश्किल लक्ष्य नहीं हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत धीरे-धीरे प्रगति नहीं चाहता। एक लंबी छलांग की जरूरत है, हमें बेहतर, वैश्विक गतिविधियों को ध्यान में रखना है और बेहतर प्रणाली बनानी है। उन्होंने कहा कि लोगों की सोच बदली है। पहले लोग अपने क्षेत्र में केवल एक रेलवे स्टेशन बनने से खुश होते थे, अब लोग पूछते हैं कि वंदे भारत (तीव्र गति वाली रेल) हमारे इलाके में कब आएगी। लोग केवल बेहतर रेलवे स्टेशन ही नहीं चाहते बल्कि पूछते हैं कि हवाई अड्डा कब बनेगा।
पीएम ने कहा कि हमारा कारोबार सुगमता के मामले में 50 देशों की सूची में शामिल होने का लक्ष्य है। हम महंगाई को काबू में रखते हुए आर्थिक वृद्धि दर को बढ़ाने में कामयाब हुए हैं, हमारी अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत है। हम उत्पादन बढ़ाने, निवेश को प्रोत्साहित करने के लिये सभी बाधाएं दूर करेंगे।
बता दें कि प्रधानमंत्री ने 2024 तक भारत की अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था में बदलने का लक्ष्य रखा है।