शाहरुख खान की फिल्म 'रईस' का एक डॉयलाग 'गुजरात की हवा में व्यापार है साहेब' इन दिनों काफी चर्चित हैं। मुंबई में चल रहे तीन दिवसीय नॉसकॉम इंडिया लीडरशिप फोरम को संबोधित करने जब मुकेश अंबानी उठे तो उन्होंने भी गुजरात के व्यापार के इसी ऐंगल को एक जोक के जरिए लोगों के सामने रखा। मुकेश अंबानी ने बताया कि कैसे एक गुजराती ने फ्लाइट में बैठे-बैठे एक सॉफ्टवेयर गुरु को मूर्ख बना दिया। यह सुन वहां कोई भी ठहाका लगाए बिना नहीं रह सका।
संभवत: यह पहली बार था कि लोग मुकेश अंबानी को जोक सुनाते हुए देख रहे थे। अंबानी ने जोक की शुरुआत करते हुए कहा, 'एक बार एक गुजराती और एक सॉफ्टवेयर गुरु एक ही फ्लाइट में जा रहे थे। संयोगवश वो फ्लाइट में एक-दूसरे के अगल-बगल ही बैठे थे। फ्लाइट ने जब कुछ दूर उड़ान भर लिया तो सॉफ्टवेयर गुरु ने गुजराती से कहा कि चलो एक गेम खेलते हैं।'
अंबानी ने आगे बताया, 'सॉफ्टवेयर गुरु ने शर्त रखी कि मैं तुम मुझसे एक सवाल पूछोगे, अगर मैं उस सवाल का जवाब नहीं दे पाया तो मैं तुम्हें 100 रुपए दूंगा। फिर मैं तुमसे सवाल पूछुंगा और अगर तुम जवाब नहीं दे पाए तो मैं तुम मुझे 10 रुपए ही दे देना। गुजराती यह शर्त सुनकर मान गया।'
सॉफ्टवेयर गुरु ने तुरंत गुजराती से विज्ञान से जुड़ा एक कठिन सवाल पूछा। गुजराती इस सवाल को जबाव नहीं दे पाया उसने तुरंत 10 रुपये निकालकर सॉफ्टवेयर गुरु को दे दिया। सॉफ्टवेयर गुरु खुश हो गया। अब बारी गुजराती की थी। गुजराती ने पूछा कि ऐसा कौन सा जानवर है जो पहाड़ पर चढ़ता तो 4 पैरों से है लेकिन उतरता 3 पैरों पर है। सॉफ्टवेयर गुरु ने काफी देर दिमाग पर जोर डाला लेकिन उसे जवाब नहीं मिला।
ऐसा कौन सा जानवर है?
- फोटो : file photo
अंत में थक कर सॉफ्टवेयर गुरु ने 100 रुपए गुजराती को दे दिए। सॉफ्टवेयर गुरु को अपनी हार बर्दाश्त नहीं हो रही थी। उसे लगा कि वह इतना ज्ञानी होने के बावजूद जवाब नहीं दे पाया। वह इसका जवाब जानना चाहता था, लेकिन गुजराती ने नहीं बताया। फिर जब उसकी पूछने की बारी आई तो उसने भी गुजराती से यही सवाल पूछा कि बताओ सा कौन सा जानवर है जो पहाड़ पर चढ़ता तो 4 पैरों से है लेकिन उतरता 3 पैरों पर है।
गुजराती ने उसके हाथों पर 10 रुपए रख कर कहा कि ये लो 10 रुपए, मुझे भी नहीं पता। इस तरह गुजराती ने एक पढ़े-लिखे सॉफ्टवेयर गुरु को बेवकूफ बना 80 रुपए कमा लिए। नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर आप मुकेश अंबानी को जोक सुनाते हुए देख सकते हैं।
Mukesh Ambani's joke on a software geek versus a gujju has the @nasscom audience in splits. pic.twitter.com/bJ232jubzp
— BloombergQuint (@BloombergQuint) February 15, 2017
ट्रंप बिन मांगे वरदान: मुकेश अंबानी
मुंबई में चल रहे तीन दिवसीय नॉसकॉम इंडिया लीडरशिप फोरम को संबोधित करते हुए उद्योगपति मुकेश अंबानी ने 'डाटा' को भविष्य का नया 'तेल' बताया। उन्होंने कहा, 'यह नए युग की शुरुआत है जहां डाटा ही नया तेल है। इस नए स्त्रोत में भारत के पास एडवांटेज होगा।' बता दें कि पूरी दुनिया में तेल (डीजल, पेट्रोल) के व्यापार को लेकर सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धा है।
अंबानी ने स्थानीय सूचना प्रौद्योगिकी उद्योग को सलाह देते हुए कहा कि 'इंडस्ट्री अमेरिकी राष्ट्रपति के रुख को एक बिन मांगे वरदान के रूप में स्वीकार करें और भारतीय बाजार पर ध्यान दे।'
टेलीकॉम कंपनी जियो के मालिक मुकेश अंबानी ने कहा कि 'राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत के लिए अच्छे साबित हो सकते हैं। हमें व्यापार के लिए खुला रहना होगा और उस दुनिया में बदलावों से प्रभावित नहीं होना चाहिए जहां दीवारें खड़ी की जा रही हैं।'
गौरतलब है कि नॉसकॉम ने अपने वार्षिक वृद्धि के अनुमानों की घोषणा को मई 2017 के लिए टाल दिया है क्योंकि यह उद्योग ट्रंप की नीतियों के बारे में स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार करना चाहता है। नॉसकॉम, भारतीय सॉफ्टवेयर और सॉफ्टवेयर प्रदाता कंपनियों का मंच है।