प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहराज्य गुजरात के बांसकांठा जिले के अमीरगढ़ की पुलिस ने शनिवार को 6 लोगों को गिरफ्तार किया। इन सब पर एक दलित परिवार की पिटाई करने का आरोप है। आरोपियों ने मरी हुई गाय के शव को उठाने से इंकार करने पर दलित परिवार की गर्भवती महिला के साथ अन्य लोगों की पिटाई की।
पुलिस का कहना है कि आरोपी मोटा करजा गांव की उच्च जातियों से ताल्लुक रखते हैं। इन लोगों ने दलित परिवार को गालियां दी और उनकी पिटाई की। बांसकाठा के एसपी नीरज बडगुजर ने कहा कि पीड़ितों को सिविल अस्पताल में भर्ती करा, उन्हें पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
स्थानीय पुलिस की एफआईआर के मुताबिक आरोपियों ने शुक्रवार की रात पीड़ित परिवार से मरी गाय के शव को उठाने के लिए कहा, लेकिन पीड़ितों का कहना था कि वे गाय के शव को अगली सुबह निपटाएंगे। एफआईआर के मुताबिक परिवार के इनकार करने के बाद आरोपी उनके घर में घुस गए और उनके साथ मारपीट की। एफआईआर में इस बात का भी उल्लेख है कि गर्भवती महिला के पेट पर प्रहार किया गया।