अगर आप दिल्ली का लालकिला देखने की योजना बना रहे हों तो फिलहाल आपको ठहरने की जरूरत है। गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर आप अगले कुछ दिन लालकिले का दीदार नहीं कर पाएंगे। 26 जनवरी से लेकर 31 जनवरी तक चलने वाले पांच दिवसीय भारत पर्व कार्यक्रम के कारण लालकिला इन दिनों बंद रहेगा।
भारत पर्व कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2016 से की गई थी। इस प्रकार इस वर्ष कार्यक्रम का यह चौथा वर्ष है। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक भारत श्रेष्ठ भारत के दृष्टिकोण को देखते हुए तैयार किया गया था। इसके जरिये देश के लोगों में भारत प्रेम और राष्ट्र गौरव की भावना पैदा करने की कोशिश की जाती है।
कार्यक्रम का एक खूबसूरत भाग उस समय सामने आता है जब गणतंत्र दिवस पर राजपथ पर प्रदर्शित झांकियों को यहां देखने को मिलता है। अभी तक के आयोजनों के बाद इस कार्यक्रम के बारे में लोगों के द्वारा खूब प्रशंसा की गई थी।
पर्यटन मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक गणतंत्र दिवस पर राजपथ पर इस बार भी सेना के विभिन्न टुकड़ियों के द्वारा अनेक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जाएंगे। इसमें विभिन्न झांकियों के अलावा सेना के जवानों के करतब भी शामिल होंगे।