मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में आधी रात में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने एक घर पर बम से हमला किया। इस हमले में दो नवजात बच्चों की मौत हो गई, जबकि उन दोनों की मां गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। स्थानीय भाजपा नेता ने इस हमले की निंदा की और पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई है।
मणिपुर में एक बार फिर हिंसक घटना सामने आई है। मंगलवार देर रात बिष्णुपुर जिले के मोइरांग ट्रोंग्लाओबी इलाके में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों द्वारा किए गए बम हमले में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
रात में सोते वक्त किया गया हमला
मामले को लेकर मृतक बच्चों के दादा ओइनम बाबूतोम ने बताया कि यह घटना रात करीब एक बजे हुआ। उस समय एक बम सीधे उनके घर पर आकर गिरा। घर के कमरे में उनकी बहू और दो छोटे बच्चे सो रहे थे। धमाका इतना जोरदार था कि पांच साल के मासूम और छह महीने की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चों की मां इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
विज्ञापन
5 जिलों में 3 दिन के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद
घटना के बाद बिगड़ते हालात को देखते हुए मणिपुर सरकार ने इंफाल वेस्ट, इंफाल ईस्ट, थोउबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश जारी किया है। सरकार के निर्देश के अनुसार यह प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और अगले तीन दिनों तक जारी रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला एहतियातन लिया गया है, ताकि किसी भी तरह की अफवाहों और गलत सूचनाओं को फैलने से रोका जा सके।
जातीय हिंसा की चपेट में रहा है मोइरांग ट्रोंग्लाओबी इलाका
जिस मोइरांग ट्रोंग्लाओबी इलाके में यह हमला हुआ, वह निचले क्षेत्र में आता है और चुराचांदपुर के पहाड़ी इलाकों के काफी करीब है। यह इलाका पहले भी 2023 और 2024 में जातीय हिंसा के दौरान लगातार गोलीबारी और तनाव का केंद्र रहा है।
भाजपा विधायक ने की हमले की निंदा
इस घटना के बाद स्थानीय भाजपा विधायक टीएच शांति सिंह ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे बेहद क्रूर और अमानवीय कृत्य बताया। विधायक ने कहा कि यह हमला आतंकवाद से कम नहीं है और समाज में ऐसी घटनाओं के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने हमले में मारे गए बच्चों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि इतने छोटे और मासूम बच्चों की इस तरह हत्या होना बेहद दुखद और निंदनीय है। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की।