मौसम विभाग ने एक बार फिर आंधी तूफान की चेतावनी दी है। विभाग ने बुधवार को कहा कि देश के उत्तर और उत्तर पश्चिमी हिस्सों में शुक्रवार को आंधी तूफान आने की संभावना है। आपको बता दें कि बुधवार रात और गुरुवार की सुबह दिल्ली एनसीआर और आस पास के इलाकों में भी तेज आंधी तूफान आ गया था। जिस कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान धूलभरी आंधी का साथ बूंदाबांदी भी हुई थी।
बता दें कि नींद की आगोश में सो रहे दिल्ली-एनसीआर के लोग उस वक्त चौंक गए जब पूरे क्षेत्र में आधी रात के बाद आयी आंधी से मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। देर रात आई आंधी तूफान और उसके बाद हल्की बारिश से जगह-जगह पर कई पेड़ गिर गए। हालांकि अभी तक इस वजह से किसी तरह के जान माल के नुकसान होने की खबर अब तक नहीं मिली है।
मगर पेड़ों के गिरने की वजह से जगह-जगह पर आज सुबह लंबा जाम लगा रहा। वहीं मौसम विभाग का अनुमान है कि हल्की बारिश या बूंदाबांदी आज भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, जींद, रोहतक, नोएडा, सोनीपत में बारिश हो सकती है।