मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने घोषणा की है कि इस बार मानसून के तय समय पर एक जून को केरल के तट से टकराने का पूर्वानुमान है। सोशल मीडिया पर सांझा की गई जानकारी के मुताबिक मौसम विभाग नियमित रूप से मौसम पर नजर बनाए हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार मौसम का यह पूर्वानुमान है। विभाग मानसून की घोषणा 15 मई को करेगा, जबकि अगले चार महीने तक होने वाली बारिश का पूर्वानुमान 31 मई तक किया जाएगा।
इससे पहले महापात्र ने कहा था कि इस साल मानसून सामान्य रहने की संभावना है, यह देश के किसानों के लिए शुभ संकेत हैं। एक जून के केरल में दस्तक देने के बाद अगले चार महीने तक बारिश के मौसम की शुरुआत होगी।
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव एमएन राजीवन के अनुसार मौसम का पूर्व अनुमान काफी सार्थक है। उन्होंने बताया कि यह जानकारी पूर्व मौसम अनुमान की गणना के आधार पर जारी की गई है। इसके अनुसार मानसून सामान्य रूप से आने की प्रबल संभावनाएं बन रही है।
इससे पहले मौसम विभाग ने बताया था कि इस साल अप्रैल 121 साल में 13 वीं बार सबसे गर्म महीना रहा है। इस महीने में रिकॉर्ड 34 डिग्री से ज्यादा तापमान रिकॉर्ड किया गया है। वहीं मई के दूसरे सप्ताह से गर्मी से कुछ राहत मिलने की भविष्यवाणी मौसम विभाग ने की थी।