मिस्र से मुंबई आई दुनिया की सबसे भारी-भरकम महिला इमान अहमद अब्देलिती की सर्जरी में लंबा वक्त लगेगा। उसे चलने-फिरने में भी कई साल लगेंगे। फिलहाल डॉक्टरों की कोशिश है कि 500 किलो की इमान का वजन खान-पान में बदलाव कर 100 किलो कम किया जाए। उसके बाद बीमारियों को नियंत्रित करने के बाद ही इमान का ऑपरेशन किया जाएगा।
मुंबई के सैफी हास्पिटल में भर्ती इमान अहमद का इलाज शुरू कर दिया गया है। बैरियाट्रिक सर्जन डॉ. मुफ्फजल लकड़ावाला की अगुवाई में करीब 15 डॉक्टरों की टीम इमान का इलाज कर रही है। सोमवार को सैफी अस्पताल में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई जिसमें डॉ. लकड़ावाला ने इमान के चरणबद्ध इलाज की योजनाओं की जानकारी दी। फिलहाल, डॉक्टरों की कोशिश है कि तरल पदार्थ, प्रोटीन और फाइबर देकर इमान का वजन कम किया जाए।
डॉ. लकड़ावाला ने बताया कि एक महीने में करीब 100 किग्रा वजन घटाने की कोशिश की जाएगी। इमान का वजन 400 किलो के आसपास होने के बाद उसके ऑपरेशन का फैसला किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले ऑपरेशन के बाद उसका वजन 300 किग्रा हो जाएगा, उसके बाद हमारी कोशिश होगी कि वह उठ-बैठ पाए और खाना खा सके। इतना होने के बाद इमान को वापस उसके देश भेज दिया जाएगा।
उसके बाद भी खान-पान और दवाइयों के जरिए उसका वजन कुछ और कम करने की कोशिश की जाएगी। डॉ.लकड़ावाला ने कहा कि दूसरे ऑपरेशन में भी उसका वजन करीब 100 किलो करने की कोशिश होगी जिससे वह चल फिर सके। लेकिन, इसमें करीब दो साल का समय लग सकता है। इस वक्त इमान का स्वास्थ्य ऐसा नहीं है कि लंबी सर्जरी हो सके। इसलिए पहली सर्जरी एक दो घंटे के भीतर खत्म कर दी जाएगी।