सीबीआई ने आई-मोनेटरी एडवाइजरी (आईएमए) पोंजी घोटाले के सिलसिले में कर्नाटक पुलिस के कुछ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के परिसरों समेत उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में 15 जगहों पर छापे मारे। सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि जांच एजेंसी की टीमों ने बंगलूरू में 11 स्थानों के अलावा मांड्या, रामनगर, बेलगाम व मेरठ में एक-एक स्थान पर तलाशी ली।
आर्थिक अपराध शाखा सीआईडी के तत्कालीन आईजी हेमंत निंबलकर, सीआईडी के उप पुलिस अधीक्षक ईबी श्रीधर, ईस्ट बंगलूरू के तत्कालीन डीसीपी अजय हिलोरी, कमर्शियल स्ट्रीट पुलिस थाने के इंस्पेक्टर और एसएचओ एम रमेश, कमर्शियल स्ट्रीट पुलिस थाने के एसआई गौरी शंकर, बंगलूरू नॉर्थ उप मंडल के तत्कालीन एसीपी और केपीआईडी कानून के तहत सक्षम प्राधिकार एलसी नागराज, बंगलूरू शहरी जिला के तत्कालीन डीसीओ बीएम विजयशंकर के आवासों पर छापे पड़े। इसके अलावा बंगलूरू नॉर्थ उप मंडल के तत्कालीन गांव लेखाकार मंजूनाथ और बंगलूरू विकास प्राधिकरण के तत्कालीन के मुख्य प्रबंधक पीडी कुमार के घरों की भी तलाशी ली गई।