देशभर के आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी, आईआईआईटी, आईआईएसईआर, आईआईएससी के कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार वेतन देने को मंजूरी दे दी गई है।
इसके तहत उनके मौजूदा वेतन में करीब 16 से 20 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। यानी हर महीने मिलने वाले वेतन में 20 से 40 हजार रुपये तक बढ़ोतरी हो रही है। संशोधित वेतनमान एक जनवरी 2016 से लागू होगा।
केंद्र सरकार ने इस फैसले की बाबत आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी, आईआईआईटी, आईआईएसईआर, आईआईएससी के निदेशकों को शुक्रवार को पत्र भेजा। आदेश के मुताबिक, उक्त संस्थानों के निदेशकों को अब दो लाख 25 हजार प्रतिमाह मिलेंगे।
पहले इन्हें 80 हजार रुपये मिलते थे। जिन निदेशकों का वेतन 75 हजार समेत अन्य भत्ते थे, उन्हें अब दो लाख दस हजार रुपये प्रति माह मिलेंगे।
ठेका कर्मियों के प्रदर्शन का आकलन होगा
संस्थानों में तीन साल के लिए कॉन्ट्रेक्ट पर फैकल्टी रखे जाते हैं जिनके प्रदर्शन का अब आकलन किया जाएगा। बेहतर प्रदर्शन न करने वाले कर्मियों को पहले चेतावनी दी जाएगी। इसके बाद भी यदि अपेक्षित सुधार न हुआ तो उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।