विश्व स्तर पर शोध के मामलों में भारत बहुत पीछे है। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी सहित देश के कई शीर्ष नेताओं ने इस विषय पर समय-समय पर चिंता जताई है। लेकिन इन्हीं खबरों के बीच आईआईटी दिल्ली ने इन्नोवेशन के मामलें में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। संस्थान ने 2019 के कैलेंडर वर्ष में 150 नए शोध पेटेंट फाइल कराए हैं। यह संस्थान का अब तक का सर्वोच्च रिकॉर्ड है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के ये सभी पेटेंट फाउंडेशन फॉर इन्नोवेशन एंड टेक्नॉलॉजी ट्रांसफर (FITT) के माध्यम से फाइल किए गए हैं।
आईआईटी दिल्ली के निदेशक प्रोफेसर रामगोपाल राव ने कहा कि संस्थान अपनी उत्कृष्ट खोजों के कारण शीर्ष संस्थानों में शुमार किया जाने लगा है। इस वर्ष भी छात्रों और प्रोफेसरों की टीम ने अनेक बेहतर इन्नोवेशन किए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष बीस फीसदी अधिक पेटेंट्स दाखिल किए गए हैं। इन नई तकनीकों ने संस्थान की गरिमा को बढ़ाने का काम तो किया ही है, इसने पेटेंट्स के कारण संस्थान की आय में भी चार गुना बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि संस्थान यह क्रम बनाए रखने की हर संभव कोशिश करेगा।