स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने पिछले दिनों ही यह आदेश जारी किया है। इसमें सरकारी कर्मियों और पेंशनरों के लिए सीजीएचएस कार्ड को लेकर कई अहम बातें शामिल हैं। सीजीएचएस कार्ड के भुगतान के तरीकों की भी जानकारी दी गई है। सेवारत कर्मचारियों के लिए सीजीएचएस कार्ड बनवाना अनिवार्य किया गया है। इसके लिए कर्मियों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। गाइडलाइंस के मुताबिक, सरकारी कर्मचारी को अपना आवेदन पत्र ऑनलाइन जमा कराने के बाद उसका प्रिंटआउट निकलवाना होगा। उसके बाद वह कॉपी, कार्यरत विभाग में जमा करनी पड़ेगी। संबंधित विभाग के हेड की मंजूरी के बाद ही सीजीएचएस कार्ड की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
कर्मचारी द्वारा आवेदन पत्र के साथ लगाए गए दस्तावेजों की जांच होगी। इनमें कर्मचारी की सेलरी स्लिप, सीजीएचएस कटौती वाले कागजात, आधार कार्ड व पैन कार्ड सहित दूसरे दस्तावेज शामिल हैं। इसी तरह से आवेदक के परिवार के सदस्य, जो उस पर आश्रित हैं, उनके दस्तावेजों की जांच पड़ताल की जाएगी। आवेदन पत्र पर यदि सभी आवेदकों के फोटो नहीं लगे हैं तो कार्ड की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी।
केंद्र सरकार के पेंशनभोगी भी सीजीएचएस कार्ड बनवा सकते हैं। उनके आश्रित पारिवारिक सदस्यों को भी सीजीएचएस कार्ड जारी होंगे। यहां पर शर्त ये रहेगी कि संबंधित पेंशनभोगी, निश्चित चिकित्सा भत्ता (एफएमए) का लाभार्थी नहीं होना चाहिए। पेंशनभोगियों को इस कार्ड के लिए पूर्ण सदस्यता शुल्क जमा कराना होगा। उनके लिए सीजीएचएस कार्ड (आईपीडी कार्ड) के साथ निश्चित चिकित्सा भत्ता प्राप्त करने का विकल्प भी है। इसके लिए नियम तय किए गए हैं। पेंशनभोगी, अपने सीजीएचएस कार्ड के लिए आवेदन पत्र, सीजीएचएस के अतिरिक्त निदेशक के पास जमा करा सकते हैं।
आवेदन पत्र के साथ, भारत कोष में जमा कराए गए सीजीएचएस अंशदान के निर्धारित भुगतान के चालान की प्रति लगानी होगी। वह अंशदान (सेवानिवृत्ति के समय मौजूदा सीजीएचएस अंशदान दर के 120 गुना अर्थात 10 वर्षों के बराबर) विभिन्न वेतनमानों के अंतर्गत तय किया गया है। अगर कोई पेंशनभोगी, वेतन स्तर (7वें सीपीसी वेतन मैट्रिक्स) एक से पांच के दायरे में आते हैं तो उन्हें पूरे जीवन के लिए 30,000 रुपये जमा कराने पड़ेंगे। वेतन स्तर 6 में शामिल पेंशनभोगियों को 54,000 रुपये, बतौर फीस जमा करानी होगी। वेतन स्तर 7 से 11 में शामिल पेंशनभोगियों के लिए कार्ड की फीस 78,000 रुपये तय की गई है।
वेतन स्तर 12 या उससे ऊपर के वेतनमान में शामिल पेंशनभोगियों को पूरे जीवन के लिए सीजीएचएस कार्ड, एक लाख 20 हजार रुपये में मिलेगा। पेंशनधारकों को अपने आवेदन पत्र के साथ स्व-सत्यापित पीपीओ/अंतिम पीपीओ/अंतिम वेतन प्रमाण पत्र, की प्रति लगानी होगी। परिवार के आश्रित सदस्यों के लिए पहचान प्रमाण के तौर पर आधार कार्ड, पैन कार्ड या आरबीआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार कोई अन्य वैध दस्तावेज लगाना होगा। आवेदन पत्र के साथ भारत कोष चालान की प्रति और एफएमए का लाभ उठाने या न उठाने का प्रमाण पत्र भी अटैच करना होगा।