भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार राम नाथ कोविंद देश के पहले ऐसे पूर्णकालीन राष्ट्रपति होंगे जिनका जन्म और पालन-पोषण उत्तर प्रदेश में हुआ है। पार्टी ने कोविंद को राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाकर सबको हैरान कर दिया है। यह पहला मौका होगा जब मूल रूप से यूपी का राष्ट्रपति बनेगा। वहीं भारत के 13 प्रधानमंत्री में से सात मूल रूप से यूपी के थे।
हालांकि भारत के तीसरे राष्ट्रपति डॉ. जाकिर हुसैन जरूर उत्तर प्रदेश में पढ़े लेकिन, मूलत: वह आंध्रप्रदेश के हैदराबाद में एक बड़े परिवार में जन्में थे। लेकिन, जन्म के कुछ वर्ष बाद ही उनके पिता फर्रुखाबाद के कायमगंज आ गए थे। वर्ष 13 मई 1967 से तीन मई 1969 तक भारत के राष्ट्रपति रहे। उनके निधन के बाद मोहम्मद हिदायतुल्ला को महज 24 दिनों के लिए राष्ट्रपति की कुर्सी मिली।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति के चुनाव के लेकर आखिरकार भाजपा ने अपने पत्ते खोल दिए। कोविंद की उम्मीदवारी पर सत्तारूढ़ एनडीए के बाकी दलों ने भी अपनी सहमति जाहिर कर दी। कोविंद के नाम की घोषणा खुद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने की।
हालांकि कांग्रेस ने आम सहमति बनाने की संभावनाओं से इनकार कर दिया। कांग्रेस ने कहा कि सरकार ने अपना निर्णय हमें बताया, न कि कुछ नामों पर चर्चा की। सरकार की तरफ से आम सहमति बनाने की कोशिश ही नहीं की गई।