अटारी बॉर्डर पर पकड़े गए कांधला के गांव गंगेरू निवासी इस्माईल से हथियार मंगाने वाले की गुत्थी सुलझने लगी है। खुफिया एजेंसियों को मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल के आधार पर इस मामले में कई अहम सबूत मिले हैं। अब गुपचुप तरीके से दोनों की गिरफ्तारी के लिए प्लान भी तैयार कर लिया गया है।
पांच मई को पाकिस्तान से लौटते समय कस्टम की टीम ने कांधला के गांव गंगेरू निवासी इस्माईल, उसकी पत्नी और बहन को पकड़ा था। इनके पास से चार पिस्टल और सात मैगजीन बरामद हुई थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी बहन व पत्नी को छोड़ दिया। जबकि इस्माईल को गिरफ्तार कर लिया।
इस्माईल ने पुलिस को शामली के साजिद का नाम बताया था। पाकिस्तान से हो रही हथियार तस्करी को देखते हुए खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हुई और साजिद की तलाश शुरू कर दी। जांच पड़ताल के दौरान खुफिया एजेंसियों को दो मोबाइल नंबर भी मिले।