भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने बृहस्पतिवार को चिकित्सा स्नातकों के लिए एक ऑनलाइन कोर्स की शुरुआत की। मरीज सुरक्षा दिवस पर शुरू किए गए ‘पेरस्क्राइबिंग स्किल्स’ कोर्स में चिकित्सा स्नातकों को दवा लिखने के गुर सिखाए जाएंगे।
मरीज सुरक्षा दिवस के मौके पर शुरू किया गया ‘पेरस्क्राइबिंग स्किल्स’ कोर्स
आईसीएमआर के मुताबिक, यह कोर्स चेन्नई के राष्ट्रीय महामारी विज्ञान संस्थान (आईसीएमआर-एनआईई) की देखरेख में संचालित किया जाएगा। इसमें वे सभी चिकित्सा स्नातक हिस्सेदारी कर सकते हैं, जो इंटर्नशिप कर रहे हैं या कर चुके हैं। इस कोर्स में 20-20 मिनट के 40 वीडियो लेक्चर रखे गए हैं, जो तीन महीने के अंदर पूरे किए जा सकते हैं। साथ ही चिकित्सा स्नातकों की जानकारी का स्तर आंकने के लिए कोर्स चालू करने से पहले एक छोटी सी परीक्षा भी 4 से 11 अक्तूबर के बीच ली जाएगी।
कोर्स में सफल साबित होने वाले प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट दिया जाएगा। इस कोर्स के लिए पंजीकरण चालू कर दिया गया है। आईसीएमआर के महानिदेशक व चिकित्सा शोध विभाग के सचिव प्रोफेसर बलराम भार्गव के मुताबिक, आईसीएमआर देश के चिकित्सा स्नातकों को उनके अंतरराष्ट्रीय समकक्षों के बराबर तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। परिषद ने बायोमेडिकल शोध में एक बेसिक कोर्स को सफलतापूर्वक पूरा किया है। यह कोर्स भारतीय चिकित्सा परिषद की तरफ से पीजी छात्रों के लिए अनिवार्य घोषित किया गया है।