भारतीय सुरक्षा एजेंसी आईबी ने दिल्ली और मुंबई में हाई अलर्ट जारी किया है। आईबी का मानना है कि आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा की इन दो बड़े शहरों पर नजर बनी हुई है और यहां कभी भी हमला किया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लश्कर ने 20 से 21 आतंकियों ने पंजाब और राजस्थान बॉर्डर के रास्ते भारतमें घुसपैठ की है।
आतंकियों का मकसद राजधानी में दहशत फैलाने का है। इस इनपुट के बाद दिल्ली पुलिस के अलावा तमाम सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गयी है। स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त पी एस कुशवाहा के मुताबिक इनपुट के बाद आइजीआई एयरपोर्ट, मेट्रो स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों के अलावा धार्मिक स्थलों, होटलों, सिनेमाघरों और भीड़भाड़ वाले बाजारों व तमाम महत्वपूर्ण जगहों की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है।
आईबी ने बताया कि ये सभी छोटे-छोटे ग्रुप में बंट गए हैं। आईबी ने मुंबई औ दिल्ली के अलावा राजस्थान भी अलर्ट जारी किया है। सूत्रों ने बताया कि कुछ आतंकियों के भारतीय सीमा के भीतर घुस आने के भी संकेत हैं और कुछ घुसपैठ का प्रयास कर रहे हैं। अलर्ट के बाद राजस्थान में बार्डर पर सीमावर्ती पुलिस थानों, स्टेट के इंटेलीजेंस, मिलिट्री इंटेलीजेंस और बीएसएफ के अधिकारी व जवान मुस्तैद हो गए हैं।
भारतीय सेना के पाकिस्तान की नौशेरा सेक्टर चौकी उड़ाने और उसका वीडियो जारी करने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में गर्माहट आ गई थी। पाक सेना के सैन्य अधिकारियों द्वारा भी सियाचिन में वायुसेना का जहाज उड़ाने की जानकारियां मिली थी। वहीं भारतीय सेना के अधिकारियों ने भी जवानों को अलर्ट रहने को कहा था।
गौरतलब है कि इससे पहले राजस्थान में पिछले कई दिनों में बीएसएफ और बॉर्डर पुलिस के द्वारा कई संदिग्ध लोगों को पकड़ा जा चुका है। जिनसे पूछताछ के बाद भी अहम जानकारियां मिली होंगी।