IAF Vice Chief Air Marshal RKS Bhadauria
- फोटो : IAF Twitter
भारतीय वायुसेना के वाइस चीफ एयर मार्शल राकेश कुमार सिंह भदौरिया ने गुरुवार को फ्रांस में जल्द भारत आने वाले लड़ाकू विमान राफेल में उड़ान भरी। उन्होंने कहा कि लड़ाकू विमान राफेल देश की सेना के लिए बेहद अहम साबित होगा। उन्होंने कहा कि एक बार इस विमान के वायुसेना में शामिल होते ही राफेल और सुखोई की जोड़ी दुश्मन का तनाव बढ़ाने का काम करेगी।
राफेल में उड़ान के अनुभव शेयर करते हुए उन्होंने कहा कि राफेल में उड़ान भरना काफी सुखद अनुभव था और यहां से हमें काफी कुछ सीखने को मिला है। उन्होंने कहा कि राफेल को वायुसेना के बेड़े में शामिल होने के बाद हम इसका शानदार प्रयोग कर सकेंगे। हम यह भी देखेंगे कि सेना में शामिल लड़ाकू विमान सुखोई-30 के साथ इसकी जोड़ी कैसी रहेगी और यह कै उपयोग की जा सकेगी।
दोबारा 'नापाक' हरकत नहीं कर सकेगा 'पाक'
वाइस एयर चीफ मार्शल ने कहा कि एक बार सुखोई और राफेल सेना के बेड़े में शामिल हो जाए, इसके बाद दुश्मनों को औकात में रहना होगा। दोनों फाइटर जेट एक साथ ऑपरेट होना शुरू हो जाए तो फिर पाकिस्तान दोबारा अपनी नापाक हरकत नहीं कर पाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि राफेल में जिस तरह की तकनीक और हथियारों का इस्तेमाल किया गया है, वे भारत के लिए प्लानिंग के नजरिए से एक गेम चेंजर साबित होंगे। हम जिस तरह के आक्रामक मिशनों और आने वाले समय में युद्ध के लिए प्लानिंग करना चाहते हैं, उसके हिसाब से ये तकनीक और हथियार बिल्कुल उपयुक्त हैं।'
मालूम हो कि अप्रैल 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की थी कि भारत फ्रांस से 36 राफेल विमान खरीदेगा। भारत और फ्रांस के बीच 23 सितंबर 2016 को 36 राफेल विमान खरीदने की डील साइन हुई थी।