फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IAF: फ्रांस दौरे से लौटे वायुसेना प्रमुख, राफेल सौदे और रक्षा सहयोग पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा

Fri, 05 Jun 2026 04:50 PM IST
Sandhya Kumari न्यूज डेस्क, अमर उजाला

सार

वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने फ्रांस दौरे के दौरान रक्षा सहयोग, संयुक्त प्रशिक्षण और तकनीकी साझेदारी पर चर्चा की। 114 राफेल विमानों के संभावित सौदे, स्वदेशीकरण और ‘मेक इन इंडिया’ को लेकर भी महत्वपूर्ण बातचीत हुई। 

विज्ञापन
भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने फ्रांस की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और फ्रांस के बीच रक्षा एवं सामरिक सहयोग को और मजबूत करना था। दोनों देशों के बीच 114 राफेल लड़ाकू विमानों की संभावित खरीद को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा चल रही है। इस बीच उनकी यह यात्रा काफी प्रभावी समझी जा रही है। 

सुरक्षा से जुड़े कई क्षेत्रों पर चर्चा

फ्रांस की वायु एवं अंतरिक्ष सेना के मुख्यालय बालार्ड में एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने फ्रांसीसी वायु एवं अंतरिक्ष सेना प्रमुख जनरल जेरोम बेलांजे से मुलाकात की। इस दौरान उनका सैन्य सम्मान के साथ स्वागत किया गया। दोनों नेताओं के बीच परिचालन सहयोग, संयुक्त सैन्य अभ्यास, प्रशिक्षण कार्यक्रम, तकनीकी आदान-प्रदान और भविष्य की साझेदारी पर विस्तार से चर्चा हुई।

यात्रा के दौरान वायुसेना प्रमुख ने फ्रांस के राष्ट्रपति के सैन्य स्टाफ प्रमुख जनरल विन्सेंट गिरो से भी मुलाकात की। उन्होंने पेरिस स्थित प्रतिष्ठित सैन्य शिक्षण संस्थानों 'एकोल द गेर' और 'एकोल मिलिटेयर' में अधिकारियों को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में भारत के सैन्य अधिकारी और कैडेट भी उपस्थित रहे।

मोंट-दे-मार्सां एयर कॉम्बैट सेंटर का दौरा

एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने मोंट-दे-मार्सां एयर कॉम्बैट सेंटर का दौरा किया और वहां की परिचालन क्षमताओं का जायजा लिया। उन्होंने ऑरलियॉं एयर बेस से ए-400एम सैन्य परिवहन विमान में परिचयात्मक उड़ान भी भरी। इस कदम को दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दौरे के दौरान वायुसेना प्रमुख ने फ्रांस की प्रमुख रक्षा कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। उन्होंने डसॉल्ट एविएशन, थेल्स, सफ्रान और एमबीडीए के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इन चर्चाओं में रक्षा उत्पादन, तकनीकी सहयोग, स्वदेशीकरण और 'मेक इन इंडिया' पहल को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

फ्रांस से 14 राफेल लड़ाकू विमान खरीद की संभावना

इस बीच भारत और फ्रांस के बीच 114 राफेल लड़ाकू विमानों की संभावित खरीद को लेकर भी चर्चा जारी है। आईएएनएस के सूत्रों के अनुसार, भारत ने 1 जून को फ्रांसीसी सरकार को लगभग 3.25 लाख करोड़ रुपये के सरकार-से-सरकार रक्षा समझौते के लिए लेटर ऑफ रिक्वेस्ट (एलओआर) भेजा है।

प्रस्तावित सौदे के तहत 114 में से 94 राफेल विमानों का निर्माण भारत में किया जा सकता है। इसके लिए डसॉल्ट एविएशन किसी भारतीय साझेदार के साथ मिलकर उत्पादन करेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें