कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार
- फोटो : एएनआई (फाइल)
कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सोमवार को कांग्रेस नेता वीरप्पा मोइली के बयान पर टिप्पणी करने से इनकार किया। जब उनसे सवाल पूछा गया कि मुख्यमंत्री बनने के लिए मोइली ने उन्हें समर्थन दिया है, तो शिवकुमार ने कहा, 'मैं इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहता। मैं कार्यकर्ताओं की एक बैठक में था। मैंने सभी बूथ अध्यक्षों को शपथ दिलाई है, क्योंकि मुझे पार्टी अध्यक्ष के रूप में राज्य का दौरा करना है।'
प्रियांक खरगे ने भी दी मोइली के बयान पर प्रतिक्रिया
इससे पहले आज मंत्री प्रियांक खरगे ने भी वीरप्पा मोइली के बयान पर प्रतिक्रिया दी। खरगे ने शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि न तो शिवकुमार और न ही किसी और ने यह दावा किया है कि वह आज या कल मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा, मोइली या किसी और ने नहीं कहा कि डीके शिवकुमार आज या कल मुख्यमंत्री बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक दिन उनकी कड़ी मेहनत के लिए उन्हें पुरस्कार मिलेगा। हाईकमान इसका फैसला लेगा। अगर मैं मीडिया के सामने ऐसा कहूं तो क्या ऐसा होगा? हमारी जिम्मेदारियां बहुत स्पष्ट हैं। सिद्धारमैया मुख्यमंत्री हैं और डीके शिवकुमार उप मुख्यमंत्री हैं..मैं चाहता हूं कि एक दिन वह मुख्यमंत्री बनें, अगर वह कड़ी मेहनत करेंगे तो कल उन्हें इसका फल मिलेगा। उन्होंने (मोइली) जो भी कहा, वह उनकी राय है।
आलाकमान जो भी कहे, वह हमारे लिए अंतिम: संतोष लाड
राज्य के मंत्री संतोष लाड ने भी मोइली की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी आलाकमाान के फैसलों का पालन करती है। लाड ने कहा, अगर मोइली ने ऐसा बयान दिया है, तो आपको उनसे पूछना होगा क्योंकि हम हमेशा आलाकमान की नीति का पालन करते हैं। आलाकमान जो भी कहता है, वह हमारे लिए अंतिम है.. यह उनकी राय है, आलाकमान की नहीं।
मोइली ने की थी शिवकुमार की नेतृत्व क्षमता की सराहना
इससे पहले मोइली ने डीके शिवकुमार की नेतृत्व क्षमता की सराहना की थी और कहा था कि उनका मुख्यमंत्री बनना तय है। मोइली ने कहा था, आपने (डीके शिवकुमार) अच्छा नेतृत्व दिया है। आपने पार्टी बनाई है। लोग बयान दे रहे हैं, लेकिन कोई भी आपको मुख्यमंत्री बनने से रोक नहीं सकता। मुख्यमंत्री बनना कोई उपहार नहीं है, यह उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से हासिल किया है।
संबंधित वीडियो-