हैदराबादः इंटरमीडिएट की परीक्षा के परिणामों में गड़बड़ी को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र संगठन
- फोटो : ANI
तेलंगाना राज्य माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने तेलुगु के पेपर में 99 अंक हासिल करने वाली 12वीं की छात्रा को जीरो नंबर दिया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए परीक्षक पर जुर्माना लगाया गया और संवीक्षक को निलंबित कर दिया गया है।
बता दें कि मंचिर्याल जिले की छात्रा के तेलुगु के पर्चे में असल में 99 अंक आए थे जबकि उसे कथित तौर पर जीरो नंबर दिए गए। रविवार देर रात जारी की गई विज्ञप्ति में कहा गया कि यह बड़ी गलती है इसलिए बोर्ड ने कार्रवाई करते हुए परीक्षक जी उमा देवी पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है, जबकि संवीक्षक (स्क्रूटनाइजर) को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही आगे की जांच के आदेश दिए गए हैं। बता दें कि परीक्षक निजी शिक्षण संस्थान में लेक्चरर है, जबकि संवीक्षक एक सरकारी कॉलेज में लेक्चरर है।
विज्ञप्ति में बताया गया कि परीक्षक ने छात्रा को 99 के बजाए जीरो अंक दिए जबकि संवीक्षक कुमार ने इस चूक को नहीं पकड़ा। इसमें बताया गया है कि निजी शिक्षण संस्थान ने इस परीक्षक को निलंबित कर दिया है। इस साल फरवरी-मार्च में हुई परीक्षाओं के परिणाम 18 अप्रैल को घोषित किए गए थे।