फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Big News: हैदराबाद पुलिस ने निलंबित डीएसपी को किया गिरफ्तार, सरकारी डाटा नष्ट करने का आरोप

Thu, 14 Mar 2024 03:14 AM IST
गुलाम अहमद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद

सार

हैदराबाद पुलिस ने एक बयान में कहा कि 10 मार्च को एसआईबी के एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की शिकायत के आधार पर डीएसपी प्रणीत राव और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।  
विज्ञापन
National News - फोटो : Social Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हैदराबाद पुलिस ने तेलंगाना के विशेष खुफिया ब्यूरो (एसआईबी) के निलंबित डीएसपी डी प्रणीत राव को  बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। राव पर कुछ कंप्यूटर सिस्टम और सरकारी डाटा को नष्ट करने का आरोप लगा है। मामले का खुलासा होने के बाद तेलंगाना सरकार ने राव को निलंबित कर दिया था। राव पिछली बीआरएस सरकार में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के कार्यालय में डीएसपी के पद कार्यरत थे।

विज्ञापन


हैदराबाद पुलिस ने एक बयान में कहा कि 10 मार्च को एसआईबी के एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की शिकायत के आधार पर एक लोक सेवक द्वारा आपराधिक विश्वासघात, सबूतों को नष्ट करने और आपराधिक साजिश रचने के आरोप में पंजागुट्टा पुलिस थाने में प्रणीत राव और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, राव के खिलाफ एसआईबी के कुछ कंप्यूटर सिस्टम और आधिकारिक डेटा को नष्ट करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था, जिसमें गलत तरीके से लाभ कमाने के इरादे से दूसरों की मिलीभगत से गुप्त और अवैध रूप से प्राप्त की गई चीजें भी शामिल हैं।  

मणिपुर में प्रतिबंधित संगठन यूएनएलएफ के दो सदस्य गिरफ्तार
मणिपुर में पुलिस, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ ) ने एक संयुक्त अभियान के तहत प्रतिबंधित संगठन युनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (यूएनएलएफ-पी) के स्वयंभू सेना प्रमुख थोकचोम थोइबा और लेफ्टिनेंट कर्नल लाइमायुम इंगबा को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि इस प्रतिबंधित संगठन के अधिकारियों ने कहा कि एनआईए ने थोइबा को गिरफ्तार करने के लिए उसके बारे में सूचना देने पर नकद इनाम की घोषणा की थी। 

एक देश-एक चुनाव पर रिपोर्ट आज संभव
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता वाली उच्च स्तरीय समिति बृहस्पतिवार को ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर अपनी रिपोर्ट राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंप सकती है। समिति देश में एक साथ चुनाव कराने के लिए संविधान के अंतिम पांच अनुच्छेदों में संशोधन की सिफारिश कर सकती है। प्रस्तावित रिपोर्ट लोकसभा, राज्य विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनाव कराने के लिए एक मतदाता सूची पर भी ध्यान केंद्रित करेगी। 

पीएम 16 को खरगे के गृह जिले से शुरू करेंगे प्रचार अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक में भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत 16 मार्च को कलबुर्गी में एक जनसभा को संबोधित कर करेंगे। कलबुर्गी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का गृह जिला है। यहां से वह 2009 और 2014 मे लोकसभा सदस्य चुने गए थे, लेकिन पिछली बार भाजपा के उमेश जाधव से हार गए थे। पार्टी की राज्य इकाई के महासचिव वी सुनील कुमार ने बुधवार को यहां भाजपा राज्य मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा कि मोदी 18 मार्च को शिवमोगा में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कर्नाटक भाजपा के लिए बेहद अहम है।

26/11 आतंकी हमले पीड़िता को ईडब्ल्यूएस कोटा के तहत मिलेगा घर
26/11 आतंकी हमले की सबसे कम उम्र की पीड़िता देविका रोटवान को आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) योजना के तहत आवास मुहैया कराया जएगा। महाराष्ट्र सरकार ने यह जानकारी बुधवार को बॉम्बे हाईकोर्ट को दी। सरकार की अधिवक्ता ज्योति चव्हाण ने न्यायमूर्ति गिरीश कुलकर्णी और न्यायमूर्ति फिरदौस पूनीवाला की खंडपीठ को बताया कि राज्य के आवास विभाग ने रोटवान को ईडब्ल्यूएस के तहत घर आवंटित किया है। 

मेघालय के मुख्य वन संरक्षक ने फंदा लगाकर की खुदकुशी
मेघालय के मुख्य वन संरक्षक एन लुईखम (50) ने बुधवार को पूर्वी खासी हिल्स जिले में अपने आवास पर आत्महत्या कर ली। उनके परिवार के सदस्यों ने उन्हें यहां एक कमरे की छत से लटका हुआ पाया। आनन-फानन में उन्हें शिलांग सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक अधिकारी ने कहा, अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि लुईखम ने यह कदम क्यों उठाया। मामले की जांच की जा रही है। 

केरल में एक मतदाता के बनाए तीन वोटर कार्ड, दो अधिकारी निलंबित
आगामी लोकसभा चुनावों से पहले केरल में चुनाव अधिकारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां कोझिकोड जिले के बेपोर शहर में एक मतदाता को तीन वोटर कार्ड जारी कर दिए गए, जिसका पता चलने पर मुख्य चुनाव अधिकारी ने दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया। इनमें एक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) और एक बूथ स्तर का अधिकारी शामिल है। बेपोर निवासी शाहिर शाहुल हमीद के पास पहले से ही मतदाता पहचान पत्र था। इसके बाद भी उसे दो अतिरिक्त कार्ड दे दिए।

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राहुल बने सीबीएसई के अध्यक्ष
वरिष्ठ नौकरशाह राहुल सिंह को केंद्र ने बुधवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) का अध्यक्ष नियुक्त किया। वह निधि छिब्बर का स्थान लेंगे, जिन्हें नीति आयोग में सलाहकार नामित किया गया है। कार्मिक मंत्रालय के आदेश के अनुसार, कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने बिहार कैडर के 1996 बैच के आईएएस अधिकारी सिंह की सीबीएसई के अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वह वर्तमान में कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग में अतिरिक्त सचिव हैं।  छिब्बर की प्रतिनियुक्ति को 24 मार्च से एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया है।  असम-मेघालय कैडर के 1994 बैच के आईएएस अधिकारी एपी दास जोशी, सिंह के स्थान पर डीओपीटी के अतिरिक्त सचिव होंगे।

भूटान के पीएम टोबगे का भारत दौरा आज से, संबंधों को बढ़ाएंगे
भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे जनवरी में पीएम बनने के बाद अपनी पहली विदेश यात्रा के तहत बृहस्पतिवार को भारत के पांच दिनी दौरे पर आएंगे। 14 से 18 मार्च तक की भारत यात्रा के दौरान टोबगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत करेंगे और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। भूटान के पीएम की यात्रा दोनों पक्षों को आपसी साझेदारी में प्रगति की समीक्षा करने और द्विपक्षीय सहयोग के स्थायी संबंधों के विस्तार पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करेगी।  

कॉलेजियम ने की दिल्ली हाईकोर्ट के दो जजों के तबादले की सिफारिश
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने दिल्ली हाईकोर्ट के दो जजों के कर्नाटक और मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में तबादले की सिफारिश की है। सीजेआई जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ के कॉलेजियम ने जस्टिस वी कामेश्वर राव के 4 मार्च को किए गए किसी अन्य अदालत में स्थानांतरित करने के अनुरोध के बाद उन्हें कर्नाटक हाईकोर्ट भेजने की सिफारिश की। कॉलेजियम ने जस्टिस संजीव सचदेवा को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट भेजने की सिफारिश की है। दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस संजीव सचदेवा ने कॉलेजियम से उनका तबादला किसी और अदालत में करने की अपील की थी। उनकी अपील को स्वीकार करते हुए मध्य प्रदेश हाईकोर्ट भेजने की सिफारिश की।  सिफारिशें केंद्र से मंजूर हुईं तो हाईकोर्ट में जजों की संख्या 40 रह जाएगी। हाईकोर्ट में 15 अतिरिक्त जजों समेत 60 न्यायाधीशों की स्वीकृत क्षमता है।

एसएससी का भ्रष्टाचार साबित हुआ तो रद्द हो सकती है पूरी भर्ती : हाईकोर्ट
कलकत्ता हाईकोर्ट ने बुधवार को कहा है कि बंगाल स्कूल सेवा आयोग भर्ती मामले में अगर भ्रष्टाचार के आरोप साबित हो गए तो पूरी भर्ती रद्द हो सकती है। न्यायाधीश देबांग्शु बसाक और न्यायाधीश मोहम्मद शब्बर रशीदी की खंडपीठ ने कहा कि देश का भविष्य कुछ हजार लोगों के भविष्य से अधिक महत्वपूर्ण है। एक या दो सड़े हुए सेब फल के पूरे डिब्बे को बर्बाद कर देते हैं। 20 लाख से अधिक अभ्यर्थी इस उम्मीद के साथ भर्ती परीक्षाओं में शामिल हुए थे कि नियुक्ति प्रक्रिया पारदर्शी होगी। पीठ, 2016 में समूह सी और डी कर्मचारियों के नियुक्ति के लिए उम्मीदवारों के चयन से संबंधित याचिकाओं और अपीलों पर सुनवाई कर रही थी। कहा, सभी पक्षों की दलीलें पूरी होने के बाद वह उचित निर्णय लेगी

इस साल 100 दिन मनेगा योग महोत्सव
इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर सरकार ने 100 दिन का काउंट डाउन शुरू किया है। इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में योग महोत्सव मनाया जाएगा। इसी के तहत पहला कार्यक्रम बुधवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित हुआ। इस बार योग दिवस की थीम ‘महिला सशक्तीकरण के लिए योग’ रखी गई है। हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इस बार 10वां संस्करण मनाया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा कि योग महोत्सव का उद्देश्य योग के जरिये महिलाओं की स्वास्थ्य देखभाल और वैश्विक स्वास्थ्य के साथ शांति को बढ़ावा देने की भावना को आगे बढ़ाना है। मुंबई स्थित द योगा इंस्टीट्यूट की निदेशक हंसाजी जयदेव ने कहा कि मन के संतुलन की अवस्था योग है। योग अनिवार्य रूप से जागरूकता का विज्ञान है जो व्यक्ति को अपने शरीर, मन और पर्यावरण के बारे में गहरी जागरूकता विकसित करने में सक्षम बनाता है।

सीएए के खिलाफ कानूनी कदम उठाएगी केरल सरकार
सीएए के खिलाफ केरल में बढ़ते विरोध के बीच मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल ने बुधवार को नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ कानूनी कदम उठाने का फैसला किया। सीएमओ से जारी बयान के अनुसार, महाधिवक्ता को मामले में कानूनी कार्यवाही शुरू करने का दायित्व सौंपा गया है। बयान में कहा गया, राज्य सरकार संविधान के अनुच्छेद 131 के तहत उच्चतम न्यायालय के समक्ष पहले ही एक याचिका दायर कर चुकी है। केंद्र सरकार की ओर से सीएए के तहत नियमों की अधिसूचना जारी करने के मद्देनजर राज्य सुप्रीम कोर्ट के माध्यम से कानूनी कार्यवाही की तैयारी कर रहा है। 

नागरिकता देने के लिए, लेने के लिए नहीं : ठाकुर
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, सीएए नागरिकता देने का कानून है, छीनने के लिए नहीं। उन्होंने पूछा, जो लोग पाकिस्तान से आए हैं और जिनकी दो-तीन पीढ़ियां गुजर चुकी हैं, क्या उन्हें नागरिकता पाने का कोई अधिकार नहीं है। देश के विभाजन के बाद तत्कालीन पीएम जवाहर लाल नेहरू ने वादा किया था कि पड़ोसी देशों में रहने वाले अल्पसंख्यकों के अधिकार संरक्षित किए जाएंगे, लेकिन पिछले 75 वर्षों में कांग्रेस ने इसके लिए कुछ नहीं किया। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ताकत थी, जिसने यह सुनिश्चित किया कि पड़ोसी देशों में अत्याचार का सामना करने वाले हिंदुओं, सिखों, ईसाइयों, बौद्धों, जैनियों या पारसियों को भारत की नागरिकता दी जाएगी।

मुसलमानों में डर फैला रही कांग्रेस : नकवी
भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, कांग्रेस पार्टी मुसलमानों में डर पैदा कर रही है और सीएए को लेकर लोगों को गुमराह कर रही है। यह उनकी तालिबानी सोच है। सीएए मुसलमानों के खिलाफ नहीं है और इसमें उनकी नागरिकता छीनने का कोई प्रावधान नहीं है।
विज्ञापन

नागरिकता आवेदन करने वालों के लिए हेल्पलाइन जल्द
गृह मंत्रालय (एमएचए) ने बुधवार को कहा कि नागरिकता (संशोधन) अधिनियम, 2019 (सीएए-2019) के तहत भारतीय नागरिकता के आवेदकों की सहायता के लिए जल्द ही हेल्पलाइन शुरू की जाएंगी। एमएचए ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि आवेदक भारत में कहीं से भी निःशुल्क कॉल करके सीएए से संबंध में जानकारी हासिल कर सकेंगे। यह सेवा सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें