तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव
- फोटो : फेसबुक/केसीआर
हैदराबाद तेजी से अंतरराष्ट्रीय शहर बनता जा रहा है। यह हर प्रकार की सुविधाओं, कई फ्लाईओवर, ओवरब्रिज, अंडरपास से युक्त है, यह भव्य पुनर्निर्माण है। हर तरफ सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, वारंगल हेल्थ सिटी विकसित हो रही है, यह तेलंगाना के नवर्निर्माण का प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KRC) ने रविवार को तेलंगाना सचिवालय का उद्घाटन करते हुए ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि हम एकीकृत विकास के साथ कृषक समुदाय के कल्याण के अलावा औद्योगिक नीति में लाखों करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने वाले राज्य के रूप में देश में शीर्ष पर हैं। तेलंगाना औद्योगिक और आईटी नीति में कर्नाटक से आगे बढ़ रहा है और हैदराबाद देश की आईटी कैपिटल के रूप में बेंगलुरू से आगे निकलने के रास्ते पर है।
सीएम केसीआर ने कहा, आप सभी जानते हैं कि हम सभी के संघर्ष के बाद तेलंगाना राज्य का सपना साकार हुआ है। यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है कि आज मेरे हाथों से एक प्रशासनिक केंद्र के रूप में सचिवालय का उद्घाटन किया गया है। यह शानदार ढंग से बनाया गया है। सचिवालय का नाम बीआर आंबेडकर सचिवालय रखा गया है।
प्रति व्यक्ति आय के साथ तेलंगाना नंबर एक प्रदेश बना
केसीआर ने कहा कि दुनिया में विकास और पुनर्निर्माण को मापने के दो संकेतक हैं। एक है प्रति व्यक्ति आय और दूसरा है प्रति व्यक्ति बिजली का उपयोग। 3,00,017 रुपये प्रति व्यक्ति आय के साथ तेलंगाना देश का नंबर एक राज्य है। कभी 1100 यूनिट प्रति व्यक्ति बिजली उपयोग वाला राज्य आज 2,140 यूनिट के साथ भारत में उच्चतम प्रति व्यक्ति बिजली खपत करने वाला राज्य बन चुका है। 33 जिलों में 33 समाहरणालय, 33 पुलिस कार्यालय रौशनी से चमक रहे हैं, यही तेलंगाना का पुनर्निर्माण है।