पश्चिम बंगाल में एडमिशन फॉर्म में अभ्यर्थियों द्वारा धर्म वाली कॉलम में नास्तिक लिखे जाने की वजह से अब उसमें बदलाव किया गया है। कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के कम से कम 50 कालेजों ने, अपनी आस्था का खुलासा करने के अनिच्छुक छात्रों के प्रवेश के लिए आनलाइन फॉर्म में धर्म के खाने में मानवता, अज्ञेयवाद, धर्मनिरपेक्ष और गैर धार्मिक विकल्प जोड़े हैं।
यह निर्णय तब लिया गया है जब कई डिग्री कोर्स के अभ्यर्थियों ने कालेजों में प्रवेश के लिए आवेदन के दौरान अपनी धार्मिक पहचान घोषित करने की जरूरत पर सवाल उठाए। प्रवेश प्रक्रिया में शामिल एक अधिकारी ने कहा, ‘हमने पाया कि कई अभ्यर्थी उस खाने में स्वयं को नास्तिक घोषित कर रहे थे जिसमें उन्हें अपने धर्म का उल्लेख करना था।’
अधिकारी ने कहा, ‘इसके बाद कालेज के प्राधिकारियों ने निर्णय किया कि फार्म भरने वाले छात्रों को ‘मानवता’ का विकल्प मुहैया कराया जाए। यह सुविधा पहले ऑनलाइन आवेदनों के लिए मुहैया करायी गई। उत्तर कोलकाता के कालेज के एक अधिकारी ने बताया कि शहर के कुछ और कालेज जैसे स्कॉटिश चर्च कालेज ने भी छात्रों को अज्ञेयवाद, धर्मनिरपेक्ष और गैर धार्मिक जैसे विकल्प मुहैया कराये हैं।