जम्मू-कश्मीर की विपक्षी पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला को पीएम मोदी की 'मन की बात' रास नहीं आई। उन्होंने मोदी के 'मन की बात' संबोधन पर खेद जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के हालात का जिक्र तक नहीं किया।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, 'काश मेरे प्रधानमंत्री को जम्मू-कश्मीर के हालात पर भी चंद शब्द मिल जाते, जहां करीब 50 लोग मारे जा चुके हैं और अनगिनत घायल हैं।'
गौरतलब है कि कश्मीर में हिजबुल कमांडर बुरहान वानी की मौत के बाद से जारी हिंसा में अब तक 49 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में इसके बाद से तनाव का माहौल है और कुछ लोग लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सुरक्षाबलों और प्रदर्शनारियों के बीच झड़पों में कई लोगों की मौत भी हुई है।