दक्षिण गोवा में एक लक्जरी होटल के प्रबंधक गौरव कटियार (29) को एक दिन पहले गोवा के काबो-डी-रामा समुद्र तट पर अपनी पत्नी दीक्षा गंगवार (27) को डुबाने के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कहा कि कटियार ने हत्या को दुर्घटना के रूप में पेश करने की कोशिश की, लेकिन एक व्यक्ति के वीडियो ने उसके दावे की पोल खोल दी।
पुलिस को दीक्षा का शव शुक्रवार दोपहर को समुद्र तट के पास मिला। प्रथम दृष्टया, कटियार ने अपने विवाहेतर संबंध के चलते पत्नी की हत्या कर दी। उसकी शादी एक साल पहले हुई थी। एक अधिकारी ने बताया कि घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3.45 बजे हुई जब कटियार अपनी पत्नी को समुद्र तट पर टहलने के लिए ले गया था। एक चट्टानी इलाके में ले जाकर उसे समुद्र में डुबा दिया। महिला के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं।
हंगामा कर हादसा बनाने की कोशिश की...
पुलिस के मुताबिक, अपराध को अंजाम देने के बाद कटियार ने हंगामा किया और घटना को दुर्घटना बताने की कोशिश की। मौके पर पुलिस भी पहुंची। लेकिन एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा शूट किए गए वीडियो क्लिप में देखा जा सकता है कि कटियार समुद्र तट से बाहर आ रहा है और शोर मचाने से पहले सुनिश्चित कर रहा कि क्या उनकी पत्नी वास्तव में मर गई है। लेकिन वीडियो ने सारा राज खोल दिया।