राज्य की एक अदालत ने 22 साल के दलित युवक के संदिग्ध रूप से ऑनर किलिंग के एक मामले में मंगलवार को छह लोगों को मौत की सजा सुनाई। पिछले साल मार्च में इस युवक की उदुमलपेट के पास हत्या कर दी गई थी। जिन लोगों को मौत की सजा सुनाई गई है उसमें दलित युवक से शादी करने वाली लड़की का पिता भी शामिल है।
लड़की कौशल्या ने अपने परिवार वालों की मर्जी के खिलाफ दलित युवक शंकर से शादी की थी। तिरुपुर के प्रिसिंपल डिस्ट्रिक्ट और सत्र न्यायाधीश ए. नटराजन ने इस मामले में एक अन्य अभियुक्त को दोहरा आजीवन कारावास व दूसरे को पांच साल की कैद की सजा सुनाई। यह मामला उस समय सामने आया था जब 13 मार्च 2016 को एक व्यस्त सड़क पर तीन लोगों ने युवक शंकर और कौशल्या पर बर्बर तरीके से हमला किया था।
पढ़ें: ऑनर किलिंग थी लक्ष्मी नारायण की हत्या
मामले से संबंधित फुटेज का प्रसारण टीवी चैनलों पर भी किया गया था। विभिन्न राजनीतिक दलों ने इस हत्या की निंदा की थी। अदालत ने कौशल्या की मां और दो अन्य लोगों को बरी कर दिया। हमले में जिंदा बची कौशल्या ने इस फैसले का स्वागत किया है।