गृह मंत्रालय आज जम्मू-कश्मीर पर बैठक करेगा
- फोटो : PTI
गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को गृह सचिव सहित रॉ और आईबी प्रमुख के साथ जम्मू-कश्मीर की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। बैठक में राज्य की ताजा स्थिति के साथ 31 अक्टूबर को लागू होने जा रहे जम्मू-कश्मीर पुनगर्ठन कानून के अलावा राज्य के परिसीमन पर चर्चा हुई। शाह ने बीते 19 अगस्त को भी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, गृह सचिव सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य की स्थिति और भावी रणनीति पर चर्चा की थी।
गृह मंत्री हर हफ्ते मंगलवार को गृह सचिव सहित अन्य अधिकारियों के साथ रूटीन बैठक करते हैं। अनुच्छेद 370 और 35 ए खत्म किए जाने के बाद जम्मू कश्मीर का मामला बेहद अहम है। इसलिए मंगलवार की बैठक का मुख्य एजेंडा यही राज्य था। गौरतलब है कि केंद्र को सरदार पटेल के जन्म दिवस 31 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर पुनगर्ठन एक्ट लागू करना है। इसलिए बैठक में इसकी तैयारियोंका जायजा लिया गया। इसके अलावा राज्य को दो हिस्सों में बांटने, केंद्रशासित प्रदेश का दर्जा देने सहित कई अहम फैसले के करीब तीन हफ्ते बाद खासतौर पर कश्मीर घाटी की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया गया।
अल्पसंख्यक मंत्रालय की टीम दो दिनों की दौरे पर
केंद्रीय मंत्रालय की एक उच्च-स्तरीय टीम मंगलवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के हालात जानने के लिए पहुंची है। उन्होंने बताया कि मंत्रियों की टीम 27 और 28 अगस्त को श्रीनगर में रहेगी। इसके बाद टीम कारगिल, लेह और जम्मू भी जाएगी। इस दौरान टीम उन क्षेत्रों का दौरा करेगी जहां विकास नहीं हो पाया है।
केंद्रीय पर्यटन मंत्री अगले महीने जाएंगे कश्मीर
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय बड़ी पहल करने जा रहा है। इसके लिए खुद केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रहलाद सिंह पटेल के नेतृत्व में मंत्रालय की एक टीम सितम्बर में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की यात्रा पर जाएगी। यह टीम दोनों नवगठित केंद्र शासित क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए योजनाओं को अंतिम रूप देगी।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय के दो अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति पर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भेज चुके हैं जो उनके वहां पहुंचने से पहले एक ‘एडवांस टीम ’ की तरह काम करेंगे। पटेल सितंबर के पहले सप्ताह में स्थिति का जायजा लेने के लिए लद्दाख और जम्मू-कश्मीर पहुंचेंगे।
केंद्रीय मंत्री पटेल ने कहा कि ई-वीजा और विदेशी पर्यटकों के लिए पहाड़ों की 137 चोटियां खोलने से इस क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और इससे राज्य में राजस्व के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इन 137 चोटियों में से 15 जम्मू कश्मीर तथा लद्दाख में हैं।