फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस स्मृति दिवस: शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे शाह, सीएपीएफ-पुलिस की होगी संयुक्त परेड

Mon, 19 Oct 2026 08:08 PM IST
राहुल कुमार डिजिटल ब्यूरो अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह पुलिस स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
विज्ञापन
राष्ट्रीय पुलिस स्मारक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह पुलिस स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस अवसर पर गृह मंत्री एक मोटरसाईकल रैली को झंडा दिखाकर रवाना करेंगे। इसमें राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों (जम्मू व कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली), केंद्रीय सशस्त्र बलों और कुछ केंद्रीय पुलिस संगठनों (आरपीएफ, एनडीआरएफ व एनआईए) के लगभग 90 सवार होंगे। यह रैली 'नशे के खिलाफ लड़ाई' के संदेश पर आयोजित एक देशव्यापी रैली का भाग है। इसमें देशभर के सभी राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों व केंद्रीय बलों के मोटरसाईकल सवार एकता नगर, गुजरात पहुंच कर एकता परेड-2026 में सम्मिलित होंगे।

विज्ञापन


गृह मंत्रालय के मुताबिक, 21 अक्तूबर, 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में सशस्त्र चीनी टुकड़ी द्वारा घात लगाकर किए हमले में पुलिस के 10 वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। तब से प्रतिवर्ष 21 अक्तूबर पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। पुलिस कर्मियों द्वारा दिए गए बलिदान तथा राष्ट्रीय सुरक्षा एवं एकता बनाए रखने में पुलिस की उत्कृष्ट भूमिका का सम्मान करते हुए प्रधानमंत्री ने पुलिस स्मृति दिवस, 2018 के अवसर पर चाणक्यपुरी, नई दिल्ली स्थित 'राष्ट्रीय पुलिस स्मारक' देश को समर्पित किया।

यह स्मारक, पुलिस बलों में राष्ट्रीय पहचान, गर्व, उद्देश्यों में एकरूपता, एक समान इतिहास और भविष्य की भावना भरने के साथ-साथ उनकी इस प्रतिबद्धता को भी और सशक्त करता है कि उन्हें अपने प्राणों की कीमत पर भी देश की रक्षा करनी है। पुलिस स्मारक में एक केंद्रीय शिल्पकृति के अलावा ‘शौर्य की दीवार’ तथा एक संग्रहालय भी मौजूद है। केंद्रीय शिल्पकृति के रूप में मौजूद एक 30 फुट ऊँचा ग्रेनाइट का एकल पाषाण खंड पुलिस कर्मियों की शक्ति, विनम्रता और नि:स्वार्थ सेवा का प्रतीक है। 
विज्ञापन


इसी प्रकार 'शौर्य की दीवार' जिस पर शहीदों के नाम उत्कीर्ण हैं, कर्तव्य के पथ पर अपने प्राण न्यौछावर करने वाले पुलिस कर्मियों की बहादुरी और बलिदान के अचल प्रतीक के रूप में उपस्थित है। संग्रहालय की संकल्पना में भारतीय पुलिस व्यवस्था के इतिहास और विकास यात्रा के दर्शन होते हैं। यह स्थान पुलिस बल और आम नागरिकों दोनों के मन में एक तीर्थ जैसा आदर रखता है। राष्ट्रीय पुलिस स्मारक आम जनता के लिए सोमवार के अलावा अन्य सभी दिन खुला रहता है। केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों द्वारा प्रत्येक शनिवार और रविवार को सूर्यास्त से एक घंटा पूर्व यहाँ बैंड, परेड और रिट्रीट समारोह का आयोजन भी किया जाता है।

विगत वर्षों की भांति 'पुलिस स्मृति दिवस', अर्थात् 21 अक्तूबर को, देश भर में शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। मुख्य कार्यक्रम राष्ट्रीय पुलिस स्मारक में आयोजित किया जाएगा, जहां केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और दिल्ली पुलिस की एक संयुक्त परेड आयोजित की जाएगी। परंपरा के अनुरूप, इस कार्यक्रम की अध्यक्षता गृह मंत्री जी द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री, पुलिस पृष्ठभूमि के सांसद, सीएपीएफ/सीपीओ प्रमुख तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त महानिदेशक, पुलिस समुदाय के अधिकारी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान, गृह मंत्री शहीदों को श्रद्धांजलि देने के अतिरिक्त उपस्थित जन समूह को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम हॉट स्प्रिंग्स के शहीदों को समर्पित वेदिका पर गृह मंत्री द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित किए जाने के साथ संपन्न होगा। इस कार्यक्रम का दूरदर्शन, एआईआर तथा मीडिया में प्रसारण करने के साथ-साथ पुलिस बलों की वेबसाइट पर वेबकास्ट भी किया जाएगा।
शहीदों की स्मृति में 22 से 30 अक्तूबर के बीच सीएपीएफ/सीपीओ  द्वारा राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें शहीदों के परिजनों को स्मारक पर आमंत्रित करना, पुलिस बैंड डिस्प्ले, मोटर साईकल रैली, शहीदों के निमित्त दौड़, आदि का आयोजन करने के साथ-साथ पुलिस बल कर्मियों के बलिदान, शौर्य तथा सेवा को दर्शाने वाली वीडियो फिल्में दिखाना शामिल हैं। इस अवधि के दौरान सभी पुलिस बलों द्वारा देश भर में इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें