किसान के घर किया भोजन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और राज्य भाजपा प्रमुख दिलीप घोष ने मिदनापुर जिले के बेलीजुरी गांव में एक किसान के घर भोजन किया।
अमित शाह ने की सिद्धेश्वरी काली मंदिर में पूजा अर्चना
गृह मंत्री अमित शाह ने मिदनापुर के सिद्धेश्वरी काली मंदिर में पूजा अर्चना की। इस दौरान उनके साथ भाजपा महासचिव और बंगाल भाजपा प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
बोस के घर की मिट्टी स्पर्श करना मेरा सौभाग्य
गृह मंत्री ने अमित शाह ने कहा, यह मेरा सौभाग्य है कि मैं महान स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस के घर की मिट्टी को अपने माथे से स्पर्श कर पाया। वह खुशी-खुशी भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के लिए बलिदान देते हुए फांसी पर चढ़ गए।
खुदीराम बोस की मूर्ति को पुष्पांजलि अर्पित की
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुदीराम बोस के पश्चिमी मिदनापुर स्थित पैतृक गांव पहुंचकर उन्हें पुष्पांजिल अर्पित की। इसके अलावा शाह ने बोस के परिवार के सदस्यों के साथ मुलाकात की और उन्हें मानद माला पहनाकर सम्मानित किया।
अमित शाह खुदीराम बोस के पैतृक गांव का करेंगे दौरा
बंगाल दौर पर पहुंचे अमित शाह आज पश्चिमी मिदनापुर में खुदीराम बोस के पैतृक गांव का दौरा करने वाले हैं। बोस के परिवार के एक सदस्य गोपाल बासु ने कहा, मैं अमित शाह को बताऊंगा कि खुदीराम बोस की जन्मभूमि का कोई विकास नहीं हुआ है। हम केवल युवाओं के लिए रोजगार चाहते हैं।
सिद्धेश्वरी काली मंदिर में करेंगे अमित शाह पूजा, तैयारियां हुईं पूरी
गृह मंत्री अमित शाह मिदनापुर के सिद्धेश्वरी काली मंदिर में पूजा करेंगे। मंदिर के पुरोहित हिमाद्री चटर्जी ने बताया, सारी तैयारियां कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था की गई है और पूरे मंदिर को सैनिटाइज किया गया है।
विवेकानंद जी ने आधुनिकता और आध्यात्मिकता को जोड़ा
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, आज मैंने यहां पर स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि दी। यह वह स्थान है जहां विवेकानंद जी का जन्म हुआ था। विवेकानंद जी ने आधुनिकता और आध्यात्मिकता को जोड़ा। मैं प्रार्थना करता हूं कि हम उनके दिखाए मार्ग पर चलने में सक्षम हों। उन्होंने कहा, स्वामी जी के विचार जितने पहले प्रासंगिक थे, आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।
स्वामी विवेकानंद को अर्पित की श्रद्धांजलि
गृह मंत्री शाह ने कोलकाता के रामकृष्ण आश्रम में स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि अर्पित की। वह मिदनापुर में लोगों को संबोधित भी करेंगे।
बेलीजुरी गांव में तैयारियां शुरू
पश्चिमी मिदनापुर जिले के बेलीजुरी गांव में गृह मंत्री अमित शाह के पहुंचने से पहले तैयारियां शुरू हो गई हैं। जहां से गृह मंत्री का काफिला गुजरेगा उस रास्ते पर भाजपा के झंडे लगाए गए हैं।
मिदनापुर में 'अमित शाह गो बैक' के पोस्टर लगे
पश्चिम बंगाल के मिदनापुर में गृह मंत्री अमित शाह के पहुंचने से पहले कई जगहों पर 'अमित शाह गो बैक' के पोस्टर लगाए गए हैं। गौरतलब है कि वह मिदनापुर में कई कार्यक्रमों में शामिल होने वाले हैं। शाह स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस को श्रद्धांजलि देंगे। साथ ही वह बेलीजुरी गांव में एक किसान के घर भोजन करेंगे।
टीएमसी के बागी विधायक हो सकते हैं भाजपा में शामिल
अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस बगावत के दौर से गुजर रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि तृणमूल कांग्रेस और ममता सरकार में कैबिनेट मंत्री का पद छोड़ने वाले प्रभावशाली नेता सुवेंदु अधिकारी, शीलभद्र दत्ता जैसे तृणमूल कांग्रेस के कुछ असंतुष्ट विधायक व नेता, शाह के बंगाल दौरे के दौरान भाजपा में शामिल होंगे।
शाह का यह होगा आज का व्यस्त कार्यक्रम
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक शाह सप्ताहांत के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। भाजपा के एक नेता ने बताया कि शाह कोलकाता के न्यूटाउन होटल में रूकेंगे। शनिवार सुबह शाह का एनआईए के अधिकारियों के साथ बैठक करने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह उत्तरी कोलकाता स्थित स्वामी विवेकानंद के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद शाह मिदनापुर जाएंगे और क्रांतिकारी खुदीराम बोस को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और दो मंदिरों में पूजा अर्चना करेंगे। उन्होंने बताया कि इसके बाद गृहमंत्री एक किसान के घर में दोपहर का भोजन करेंगे और फिर मिदनापुर के कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।
भाजपा नेता ने कहा कि ऐसी संभावना है कि तृणमूल कांग्रेस के कई नेता भाजपा की सभा के दौरान पार्टी में शामिल होंगे। इस रैली के बाद शाह वापस कोलकाता आएंगे और यहां राज्य के नेताओं के साथ बैठक करेंगे और संगठन की स्थिति का जायजा लेंगे।
अमित शाह का रविवार को शांति निकेतन स्थित विश्व भारती विश्वविद्यालय जाने और बाउल गायक के घर पर दोपहर का खाना खाने का कार्यक्रम है। इसके बाद शाह बोलपुर में रोड शो करेंगे और उसके बाद संवाददाता सम्मेलन। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।