Amit Shah: गृह मंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रतिबंधित संगठनों के साथ हुए तीन समझौतों से त्रिपुरा में शांति और समृद्धि आई है। यही नहीं त्रिपुरा और देश के बाकी हिस्सों के बीच भूमि, हवाई और रेल संपर्क में बेहतर सुधार हुआ है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि त्रिपुरा देश के अन्य हिस्सों से पूरी तरह से जुड़ गया है। प्रतिबंधित संगठनों के साथ समझौतों से इस पूर्वोत्तर राज्य में शांति एवं समृद्धि आई है। शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये अगरतला में त्रिपुरा सरकार के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित किया।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने पिछले सात वर्षों में कांग्रेस एवं वाममोर्चा के कई दशकों के शासन की तुलना में अधिक उपलब्धियां हासिल की हैं। पिछले 10 वर्षों में प्रतिबंधित संगठनों के साथ हुए तीन समझौतों से त्रिपुरा में शांति और समृद्धि आई है।
उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में माणिक साहा के नेतृत्व वाली सरकार ने बिना किसी भेदभाव के ‘मल्टी-टास्किंग स्टाफ’ (ग्रुप-डी) के 2,806 पदों के लिए भर्ती अभियान पूरा कर लिया है। भाजपा नेता इस बात पर जोर देते रहे हैं कि पिछले कुछ वर्षों में त्रिपुरा और देश के बाकी हिस्सों के बीच भूमि, हवाई और रेल संपर्क में बेहतर सुधार हुआ है। भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन 2018 से राज्य में शासन कर रहा है।
विज्ञापन
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई तेज करने का दिया निर्देश
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को सभी सुरक्षा एजेंसियों को जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई तेज करने का निर्देश दिया। शाह ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति पर दो दिन में दो उच्च स्तरीय समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार के निरंतर और समन्वित प्रयासों के कारण केंद्र शासित प्रदेश में आतंक का पारिस्थितिकी तंत्र कमजोर हो गया है।
सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि गृहमंत्री ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को शून्य घुसपैठ के लक्ष्य के साथ आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य आतंकवादियों को जड़ से उखाड़ फेंकना होना चाहिए।